युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: पड़ोस के घर से मिला शव, कनाडा से लौट था गुरदीप; क्या बोली पीड़ित मां?
पंजाब के मोगा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव पड़ोस के घर से मिला है। पीड़ित मां ने हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
मोगा के कस्बा अजीतवाल में 20 वर्षीय युवक का शव उसके पड़ोसी के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह गैरी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
दो माह पहले कनाडा से लौटा था युवक
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा करीब दो महीने पहले कनाडा से भारत लौटा था। मां का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला उसे एयरपोर्ट से सीधे अपने घर ले गई थी। इसके बाद से वह पिछले दो महीने से उसी के घर पर रह रहा था। इस दौरान बेटे को अपने परिवार से मिलने तक नहीं दिया गया।
मां ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने उनके बेटे से करीब 9 लाख रुपये ले लिए थे। इन पैसों से एक ट्रैक्टर और अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी गई, जबकि एक लैपटॉप भी लिया गया। उन्होंने बताया कि बेटे के वीजा की अवधि समाप्त होने से करीब एक महीना पहले ही उसे कनाडा से वापस बुला लिया गया था। मां के अनुसार, उनका बेटा किसी डर के कारण न तो उनसे मिलने आ रहा था और न ही अपने घर जाने की हिम्मत जुटा पा रहा था। यहां तक कि उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रखा जाता था।
मां ने बताया कि उनका बेटा करीब दो साल पहले कनाडा गया था। वहां रहते हुए उसकी उक्त परिवार के सदस्यों से फोन पर लगातार बातचीत होती थी। लेकिन दो महीने पहले भारत लौटने के बाद वह सीधे अपने घर आने की बजाय पड़ोसी के घर रहने लगा। मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को कोई जहरीली चीज पिलाई गई या उसे करंट लगाया गया। जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो परिवार को सूचना दी गई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी। भावुक मां ने कहा कि उनका बेटा इकलौता था और उन्हें इस मामले में इंसाफ चाहिए।
इस संबंध में थाना अजीतवाल के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि कस्बा निवासी कर्मजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे गुरदीप सिंह की 31 अक्टूबर की शाम को मनप्रीत सिंह, उसकी पत्नी मनदीप कौर और सोनी ने मिलकर बिजली का करंट लगाकर हत्या कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने गुरदीप सिंह को घर की छत पर बुलाया और वहां उसे बिजली का करंट लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कर्मजीत सिंह के बयानों के आधार पर मनप्रीत सिंह और उसकी पत्नी मनदीप कौर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
एसएचओ ने बताया कि गुरदीप सिंह करीब दो महीने पहले कनाडा से भारत लौटा था। वह अपने पिता के घर जाने की बजाय घर के नजदीक रहने वाले मनप्रीत सिंह के घर पर रह रहा था। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।