कहानी कमरा नंबर 201 की: गेस्ट हाउस में मिली चांदनी की लाश, प्रेमी संग आई थी; दिन में बगड़ी बात, रात को कत्ल!
मृतका की पहचान बिहार के खड़गपुर निवासी चांदनी के रूप में हुई है। वह फिलहाल गदपुरी क्षेत्र में अपने बच्चों के साथ रहती थी और मजदूरी करती थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह बिहार निवासी शेखर (39) के साथ वन स्टार गेस्ट हाउस पहुंची थी।
विस्तार
हरियाणा के बल्लभगढ़ में मथुरा रोड स्थित चावला कॉलोनी चौक के पास एक गेस्ट हाउस में एक शादीशुदा महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला शनिवार सुबह अपने प्रेमी के साथ गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 201 में ठहरी थी। रात को होटल कर्मचारी कमरे की तरफ पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर महिला बेड पर बेसुध पड़ी थी, जबकि उसके साथ आया प्रेमी गायब था। सूचना मिलने पर बल्लभगढ़ सिटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
बिहार की रहने वाली थी चांदनी
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बिहार के खड़गपुर निवासी चांदनी के रूप में हुई है। वह फिलहाल गदपुरी क्षेत्र में अपने बच्चों के साथ रहती थी और मजदूरी करती थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह बिहार निवासी शेखर (39) के साथ वन स्टार गेस्ट हाउस पहुंची थी। दोनों ने खुद को कपल बताकर कमरा नंबर 201 बुक कराया था। दिनभर दोनों कमरे में ही रहे। दोपहर में बाहर से खाना मंगवाकर साथ खाया था। कमरे से पुलिस को शराब की कोई बोतल नहीं मिली। वहां खाने-पीने का सामान मिला है।
रात कमरे का दरवाजा खुला देख कर्मचारी का ठनका माथा
गेस्ट हाउस कर्मचारियों के मुताबिक, शनिवार देर रात नाइट शिफ्ट का कर्मचारी कमरे की तरफ गया तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर बेड पर चांदनी बेसुध पड़ी थी। कर्मचारी ने पहले शेखर को आवाज लगाई, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया। इसके बाद महिला को उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर कर्मचारी ने होटल मैनेजर और अन्य स्टाफ को बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस महिला को बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गले पर निशान और फर्जी आईडी का शक
महिला के गले पर कसने के निशान मिले हैं। शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को शक है कि शेखर ने गेस्ट हाउस में प्रवेश के समय जो पहचान पत्र दिया था, वह फर्जी हो सकता है। पुलिस होटल के दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव का बीके नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल होटल प्रबंधन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर प्रेमी शेखर की तलाश की जा रही है।