फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Punjab government-farmers meeting inconclusive CM Mann left meeting

चंडीगढ़ में कल किसानों का धरना: किसान बोले-ट्रैक्टर लेकर जाएंगे, मान की चेतावनी-बर्दाश्त नहीं करेंगे

Tue, 04 Mar 2025 04:35 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Tue, 04 Mar 2025 04:35 PM IST
सार

किसान छह फसलों पर प्रदेश सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने, कर्ज माफी को लेकर नई योजना लाने, गन्ना किसानों को ब्याज समेत बकाया राशि देने, आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा देने, सरहिंद फीडर नहर पर लगी मोटरों के बिल माफ करने और सरकार और किसानों के बीच समन्वय के लिए सब-कमेटी बनाने समेत कुल 18 मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन
Punjab government-farmers meeting inconclusive CM Mann left meeting
फरीदकोट में कौमी किसान यूनियन के प्रांतीय प्रधान बिंदर सिंह गोलेवाला के घर पहुंची पुलिस - फोटो : संवाद

विस्तार

चंडीगढ़ में किसानों की तरफ से पांच मार्च को धरना देने के एलान के बाद माहाैल गरमा गया है। जहां एक तरफ किसानों ने हर हाल में मोर्चा लगाने की बात कही है वहीं मुख्यमंत्री भगवंत ने बड़ा बयान दिया है। मान ने कहा कि पंजाब बंद नहीं होने देंगे। किसानों को हिरासत में लेंगे। पंजाब का पहले ही बहुत नुकसान हो चुका है। मान ने कहा कि किसान कहते बैठक भी करनी है और हम पक्का मोर्चा भी लगाएंगे, यह बर्दाश्त नहीं है। 

विज्ञापन

मान ने कहा-रोज रेल रोको, सड़क रोको का रवैया ठीक नहीं

मान ने कहा कि रोजाना रेल रोकें, सड़क रोकें का रवैया सही नहीं है। किसानों की सभी मांगें केंद्र से संबंधित हैं। सीएम बोले कि किसानों ने कहा कि अगर हम मोर्चे का ऐलान न करते तो सरकार ने उन्हें मीटिंग का समय नहीं देती, जबकि पहले भी वह किसानों के साथ बैठक करते रहे हैं। किसान यूनियन के नेताओं से ज्यादा खेतों में जाता रहा हूं। किसानी से जुड़ा हूं।

विज्ञापन

किसान नेताओं को घरों से हिरासत में लिया

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और पंजाब सरकार के बीच सोमवार को हुई बेनतीजा बैठक के बाद किसानों ने एलान किया था कि वे पांच मार्च को चंडीगढ़ में धरना देंगे। इसके बाद मंगलवार सुबह पंजाब में कई किसान नेताओं के घरों में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस ने मालवा के कई इलाकों में किसान नेताओं की गिरफ़्तारी के लिए दबिश लेकिन नाकाम रही। सूत्रों के अनुसार, किसानों को पुलिस की कार्रवाई का अंदेशा हो गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन


किसान ट्रैक्टर लेकर जाएंगे

वहीं किसानों को चंडीगढ़ में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने से बात बढ़ गई है। एसकेएम नेता रमिंदर सिंह,पटियाला ने कहा कि हम चंडीगढ़ जरूर जाएंगे। सरकार ने जहां रोका, वहीं धरना देकर बैठ जाएंगे। किसान ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ चंडीगढ़ जाएंगे।



भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष झंडा सिंह जेठूके के गांव में पंजाब पुलिस ने छापा मारा लेकिन पुलिस खाली हाथ लौट आई। वहीं लुधियाना भाकियू उगराहां के महासचिव घाघर सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अबोहर में सुबह साढ़े 4 बजे किसान नेता सुखजिंदर सिंह राजन के घर पुलिस ने दबिश दी। किसान नेता ने कहा कि क्या हम क्रिमिनल हैं जो इतनी सुबह हमारे घर पुलिस भेजी गई है।

अमृतसर में पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन उगराहां के सदस्यों को गिरफ्तार किया। नवांशहर मेँ 15 के क़रीब किसान नेताओँ को अलग अलग थानोँ मेँ बिठाया गया है।

मुक्तसर में किसान नेताओं को हिरासत में लेने का विरोध

जिला मुक्तसर में किसान नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में किसान संगठनों की ओर से मुक्तसर के थाना सदर का घेराव किया गया। इस दौरान किसानों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भड़ास निकाली। किसान सुबह दस बजे करीब थाना सदर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटा साढ़े ग्यारह बजे तक गेट के समक्ष धरना लगाया। किसान नेताओं के अनुसार पुलिस ने जिले के करीब छह से सात नेताओं को हिरासत में लिया । जिनमें तीन से चार मुक्तसर और तीन गिद्दड़बाहा हलके से संबंधित किसान हैं। 
किसान नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। वे पुलिस का गलत इस्तेमाल कर किसानों की आवाज दबा रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर हिरासत में लिए साथियों को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वे पहले भी अपने अधिकारों के लिए कई आंदोलन कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर हिरासत में लिए नेताओं को रिहा नहीं किया गया तो पंजाब के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होंगे। प्रदर्शन में मौजूद किसान संगठनों के प्रमुख नेताओं ने सरकार को साफ कर दिया है कि वे किसानों की आवाज दबाने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं करेंगे। पुलिस किसानों को हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाने और चंडीगढ़ धरने में जाने से रोकना चाहती है, मगर वे हर हाल में चंडीगढ़ धरने में शामिल होंगे। 

किसानों को रोकने के लिए यूटी पुलिस तैयार

पंजाब के किसानों को चंडीगढ़ में घुसने से रोकने के लिए बुधवार को 2500 जवानों को तैनात किया जाएगा। आज 12 स्पेशल नाकों पर करीब 1200 जवानों के अलावा एसएचओ व डीएसपी को तैनात कर दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने की किसानों की धरपकड़ की निंदा

पंजाब सरकार की ओर से किसानों की धरपकड़ को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने एक्स पर पोस्ट डाली और इस कार्रवाई की निंदा की है। बिट्टू का कहना है कि भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार ने पंजाब में आपातकाल जैसे हालात बना दिए हैं। पंजाब के किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी पोल खुलने के बाद अब वह किसान नेताओं पर पुलिसिया कार्रवाई कर रही है। जैसा कि हम बार-बार कह चुके हैं, मुख्यमंत्री ने राज्य को पुलिस राज्य में बदल दिया है और किसानों के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई बेहद निंदनीय है। यह पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की किसान विरोधी मानसिकता को साफ तौर पर दर्शाता है।
 



फरीदकोट में कौमी किसान यूनियन के प्रांतीय प्रधान बिंदर सिंह गोलेवाला समेत 15 किसानों को हिरासत में लिया गया है। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ब्लॉक अजनाला और जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह, ब्लॉक नेता जसपाल सिंह धनगाई, प्रगट सिंह चारपुर, रुपिंदर सिंह मदुछंगा, जिला नेता बाघेल सिंह कोट मुगल समेत सभी नेताओं के घरों पर पुलिस ने आज तड़के छापेमारी की। गांव वासियों ने पुलिस की घेराबंदी कर दी। 



बरनाला से भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला अध्यक्ष जगसीर सिंह छीनीवाल, सिकंदर सिंह मान, बीकेयू उगराहां के मास्टर हरदीप सिंह टलेवाल, जज सिंह गहल, क्रांतिकारी किसान यूनियन के जिला नेता मंजीत राज, बीकेयू डकौंडा ब्लॉक शैहना के अध्यक्ष जगसीर सिंह सीरा को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सीएम ने गुस्से में बीच में छोड़ी थी बैठक

वहीं सोमवार को किसानों के साथ बैठक को मुख्यमंत्री भगवंत मान गुस्से में बीच में ही छोड़कर चले गए थे। इसके बाद किसानों ने 5 मार्च को चंडीगढ़ में पक्का मोर्चा लगाने की घोषणा कर दी। वहीं, बैठक के बाद सीएम मान ने एक्स पर लिखा- चक्का जाम करना, रेल रोकना या पंजाब बंद करना किसी समस्या का हल नहीं है। इन सबसे आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। समाज के बाकी वर्गों के कामकाज और कारोबार पर भी इसका असर पड़ता है, जिसका ख्याल रखना चाहिए।

राजेवाल बोले-सीएम को ऐसा बर्ताव शोभा नहीं देता

बैठक के बाद किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पिछली सरकारों के साथ भी उनकी बैठक हुई, लेकिन पहली बार किसी सीएम ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया है। वे गुस्से में बैठक छोड़कर चले गए। उन्हें ऐसा बर्ताव शोभा नहीं देता है। 5 मार्च को जो करना है कर लो, यह कहकर सीएम मान ने पूरे पंजाब के किसानों को चुनौती दी है। राजेवाल ने कहा कि अभी 18 में से कुल 8 मांगों पर ही अभी चर्चा हुई थी कि सीएम यह कहते हुए बैठक से निकलने लगे कि उनकी आंख ठीक नहीं है। राजेवाल ने कहा कि सीएम बिना किसी बात के भड़क गए, जबकि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की।

उगराहां बोले-समय नहीं था तो बता देते

वहीं, भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि सीएम मान के पास अगर समय नहीं था, तो उन्हें पहले ही बता देना चाहिए था। जब किसान कोई प्रोग्राम रखते हैं, तो सरकार बैठक के लिए बुलाती है। हमने यह कभी नहीं कहा कि सीएम ने डरकर बैठक बुलाई है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री का यह कहना गलत है कि मैं आपसे डरता नहीं हूं। उगराहां ने कहा कि 5 मार्च को पक्के मोर्चे के फैसले पर वह कायम हैं। अब मुख्यमंत्री पर निर्भर करता है कि वह हमें चंडीगढ़ आने देते हैं या नहीं। सरकार हमें घरों से भी हिरासत में ले सकती है। पहले बादल, कैप्टन व चन्नी के समय भी बैठकें हुई, लेकिन तरह से बैठक खत्म नहीं हुई। उगराहां ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी गई थी कि धान की रोपाई 1 जून से शुरू की जाएगी, लेकिन अब यह मांग भी बीच में ही रह गई है, क्योंकि सीएम ने कहा है कि अगर 5 मार्च को किसान पक्का मोर्चा लगाएंगे, तो जितनी भी बातें पर सहमति बनी है, वो सब रद्द होंगी। बैठक में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां भी शामिल थे। साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले 37 यूनियनों के 40 पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

डल्लेवाल के समर्थन में कल देशव्यापी सांकेतिक भूख हड़ताल

खनौरी मोर्चे पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 98वें दिन भी जारी रहा। ड्रिप के माध्यम से डल्लेवाल को मेडिकल सहायता दी गई। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ के मुताबिक संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के देशभर के नेताओं की ऑनलाइन बैठक हुई है। बुधवार को डल्लेवाल के आमरण अनशन के 100 दिन पूरे होने पर देशभर के किसान जिला व तहसील स्तर पर 1 दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा किसानों से भूख हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला महापंचायतें होंगी।

किसानों को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या : वड़िंग
राज्य सरकार की ओर से चंडीगढ़ में धरने से पूर्व प्रदेश भर में किसानों को हिरासत में लेने पर सियासत गर्मा गई है। आप सरकार की इस कार्रवाई को गलत बताते हुए विपक्षी दल सरकार को घेर रहे हैं। मुक्तसर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि किसानों पर तड़के की गई यह कार्रवाई लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कहने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों पर यह कार्रवाई कर रहे हैं। मान केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। एक समय था जब आप कहती थी कि किसानों से अलायंस करके सरकार बनानी है। मगर अब किसानों को हिरासत में लिया जा रहा है। नशे के खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई पर राजा वड़िंग ने कहा कि सरकार छोटे तस्करों के घरों को तोड़ रही है। बड़े मगरमच्छों पर हाथ डालने से डर रही है। उधर, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर लिखा है कि किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी करना सरकार की घटिया कार्रवाई है। राज्य के लोग मुख्यमंत्री मान को सबक सिखाएंगे। मुख्यमंत्री मान द्वारा किसानों से दुर्व्यवहार की माफी मांगने के बजाये उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed