Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Punjab Election 2027: BJP-Akali Dal Alliance Targets Hindu-Sikh Voters, Three-Cornered Contest Likely

हिंदू-सिख मतदाताओं पर दांव: पंजाब में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, भाजपा-शिअद गठबंधन से बदलेंगे सियासी समीकरण

Wed, 25 Nov 2026 09:24 AM IST
Sharukh Khan मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़
मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: Sharukh Khan Updated Wed, 25 Nov 2026 09:24 AM IST
सार

पंजाब में भाजपा और शिअद के बीच गठबंधन होने से अब तिकोने मुकाबले के आसार हो गए हैं। अभी तक मुकाबला सत्तारूढ़ आप और दूसरी बड़ी पार्टी कांग्रेस के बीच माना जा रहा था, शिअद और भाजपा हाशिये पर थे लेकिन गठबंधन के बाद सियासी समीकरण बदलेंगे।

विज्ञापन
Punjab Election 2027: BJP-Akali Dal Alliance Targets Hindu-Sikh Voters, Three-Cornered Contest Likely
Punjab Election 2027 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

छह साल दो महीने बाद पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने एक साथ आकर सूबे के हिंदू और सिख मतदाताओं पर बड़ा दांव खेल दिया है। इस गठजोड़ से पंजाब के सियासी समर में मुकाबला अब तिकोना होने के आसार बन गए हैं। 
विज्ञापन


अभी तक शिअद और भाजपा को सूबे की सियासत में हाशिये पर मानते हुए वर्ष 2027 का चुनावी मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और दूसरे बड़े दल कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा था।
विज्ञापन


पंजाब में हिंदू और सिख मतदाता बड़ा वोट बैंक हैं। सिख मतदाता 58 प्रतिशत से अधिक हैं जबकि हिंदू मतदाता करीब 39 प्रतिशत से ज्यादा हैं। सिख और हिंदू, दोनों समुदायों में कई बिरादरियां ऐसी हैं जो चुनावों पर गहरा प्रभाव डालती हैं। चूंकि पंजाब एक पंथक सूबा है लिहाजा यहां की राजनीति में सिख मतदाता सबसे निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसी के चलते दोनों दलों ने इस गठबंधन की नींव हिंदू-सिख एकता को बनाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

हालांकि, दोनों दलों का यह निर्णय सही हो सकता है लेकिन इस दांव को चुनावी जीत में बदलना आसान नहीं होगा क्योंकि वर्ष 2017 से सत्ता से दूर इस गठबंधन का अधिकतर वोट बैंक आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर खिसक चुका है। 

 

तीन बार पंजाब में सरकार बना चुके हैं दोनों दल

सबसे ज्यादा सेंधमारी आप ने की है। यही वजह रही कि अलग-अलग चुनाव लड़ने के बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में शिअद सिर्फ तीन जबकि भाजपा दो सीटों पर सिमटकर रह गई। पांच बार गठबंधन में चुनाव लड़ने के बाद दोनों दल तीन बार पंजाब में सरकार बना चुके हैं।

उधर, विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं, आयोजनों और अभियानों के जरिये आप सरकार भी लगातार पंजाब के हिंदू और पंथक वोट बैंक को साधने में लगी हुई है। पंथक मतदाताओं के एक हिस्से पर कांग्रेस के टकसाली नेताओं का भी खासा प्रभाव है।

ऐसे में इन हिंदू व सिख समुदायों के मतदाताओं का दोबारा भरोसा जीतना शिअद-भाजपा गठबंधन के लिए चुनौती से कम नहीं होगा। यदि गठबंधन इस दिशा में प्रभावशाली ढंग से काम करता है तो निस्संदेह वर्ष 2027 की चुनावी जंग में मुकाबला तिकोना होगा और नए सियासी समीकरण भी देखने को मिलेंगे।

दूसरी ओर, गठबंधन के बाद भाजपा शहरी और अर्धशहरी सीटों पर हिंदू मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करेगी जबकि शिअद का फोकस ग्रामीण अंचलों पर रहेगा।

नए मोर्चे की भी सुगबुगाहट

पंजाब में इस गठबंधन से इतर एक नए सियासी मोर्चे की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। यह मोर्चा शिअद बादल गुट से अलग हुए शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत, शिरोमणि अकाली दल वारिस पंजाब दे और बसपा मिलकर बना सकते हैं। कुछ दिन पहले इसी संदर्भ में फरीदकोट में इन दलों के नेताओं की बैठक हो चुकी है। 

 

बातचीत अंतिम दौर में बताई जा रही है और जल्द ही इसकी भी घोषणा हो सकती है। इस मोर्चे का केंद्र भी ग्रामीण इलाकों में, खासकर पंथक और अनुसूचित जाति के वोट बैंक पर रहेगा। यह मोर्चा चुनाव में भाजपा-शिअद गठबंधन, कांग्रेस और आप, तीनों के सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

गठबंधन के लिए किसानों को साधना बड़ी चुनौती

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के दोबारा गठबंधन से पंजाब की सियासत में किसानों का मुद्दा फिर गरमा गया है। गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती किसान समुदाय का भरोसा जीतने की होगी। 

 

साल 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में उठे किसान आंदोलन के दबाव में ही शिअद ने भाजपा से करीब ढाई दशक पुराना गठबंधन तोड़ लिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं तो विरोधी इसी फैसले को लेकर उन्हें घेर रहे हैं। 

 

किसान संगठनों के एक वर्ग ने गठबंधन पर सवाल उठाते हुए इसे पंजाब के हितों के खिलाफ बताया है। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने अलग विचारधारा वाले दलों के सत्ता के लिए साथ आने पर सवाल उठाए हैं। 
 

वहीं, किसान सभा के नेता रघबीर सिंह बेनीपाल ने भी गठबंधन को पंजाब के लिए खतरनाक करार दिया है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी भी इसे राजनीतिक स्वार्थ का गठजोड़ बताकर निशाना साध रही है। 

 

आप महासचिव बलतेज पन्नू ने किसान नेता अजमेर सिंह लाखोवाल से उनके पुराने कार्यकाल और किसानों के लिए किए गए कामों का हिसाब मांगा है। हालांकि, शिअद को भारतीय किसान यूनियन (कादियां) और लख्खोवाल गुट का समर्थन मिला है लेकिन इन संगठनों ने स्पष्ट किया है कि उनका समर्थन शिअद के लिए है, भाजपा के लिए नहीं। यही अंतर गठबंधन के लिए ग्रामीण वोटों को एकजुट करने में चुनौती बन सकता है।

छोटा भाई बनकर भी बड़ी रहेगी भाजपा की भूमिका

शिअद और भाजपा का गठबंधन भले ही दोनों दलों के लिए जरूरी बताया जा रहा हो लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने लंबे चिंतन-मंथन और जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदा परिस्थितियों को भांपने के बाद यह फैसला लिया है। हालांकि, सितंबर 2020 में यह गठबंधन शिअद ने ही तोड़ा था और अब इस गठजोड़ की बेताबी भी इसी दल में ज्यादा थी। विधानसभा चुनाव से पहले सियासी परिस्थितियां कुछ ऐसी बनीं कि भाजपा को शिअद के साथ हाथ मिलाना पड़ा और उसे बड़े भाई की भूमिका में रखना पड़ा लेकिन इसके बावजूद इस गठजोड़ में भाजपा की भूमिका शिअद से बड़ी रहेगी।

 

दरअसल, पंजाब के संदर्भ में इस बार भाजपा का लक्ष्य बहुत बड़ा है। 26 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 जारी किया था। इसमें 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब समेत देश से नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।

पंजाब सीमापार से होने वाली ड्रग तस्करी और नशे से प्रभावित राज्य होने के कारण इस अभियान का अहम केंद्र है। इसमें पाकिस्तान की सीमा से सटे सूबे के छह जिले अति संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं।

जब तक पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते आने वाली नशे की सप्लाई चेन पर लगाम नहीं कसी जाती, तब तक एनडीए के लिए यह लक्ष्य हासिल करना बहुत मुश्किल है। इसी वजह से इस बार पंजाब में जीत हासिल करना भाजपा की सियासी प्राथमिकताओं में शामिल है।

यही कारण है कि सूबे में 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान शिअद से अधिक वोट प्रतिशत हासिल करने के बावजूद भाजपा छोटे भाई की भूमिका निभाने को तैयार हो गई। उधर, पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ने की क्षमता, जमीनी स्तर पर कैडर की मजबूती और संगठनात्मक स्थिति जैसे विभिन्न पहलुओं पर सीट-दर-सीट तीन सर्वे करवाए।

इनमें यह बात सामने आई कि सूबे में मतदाताओं के बीच भाजपा की पैठ तो बढ़ी है लेकिन पार्टी अभी अकेले चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है इसलिए एक मजबूत सियासी साथी के साथ मिलकर समीकरणों के सहारे जीत की राह तलाशनी होगी।

दूसरी ओर, पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस गठबंधन को लेकर करीब तीन महीने तक विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं को दिल्ली बुलाकर सलाह-मशविरा किया गया। इसके बाद शिअद के समक्ष सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा हुई।

शिअद ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहता है, भाजपा इसके लिए तैयार भी है लेकिन सीटों का अंतर बहुत ज्यादा नहीं होगा। चुनाव में जीत मिलने पर शिअद की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसमें भी भाजपा का बड़ा दखल रहेगा। सूत्रों के अनुसार, शिअद की ओर से भाजपा की सहमति के बाद ही उस नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जाएगा, जो किसी विवाद से जुड़ा न हो। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed