पंजाब की बेटी ने किया कमाल: कैनेडियन आर्मी में भर्ती हुई जसविंदर कौर, पंजाब पुलिस का था सपना... ऐसे पाया मुकाम
पंजाब की बेटी ने किया कमाल कर दिया है। फिरोजपुर के जीरा की जसविंदर कौर कैनेडियन आर्मी में भर्ती हुई है। जसविंदर कौर का सपना पंजाब पुलिस में भर्ती होने का था, लेकिन वह कनाडा चली गई और अब वह कनाडा की सेना में सैनिक बनी है।
विस्तार
मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है पंख से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। इस बात को साबित किया है पंजाब के फिरोजपुर के हलका जीरा की बेटी जसविंदर कौर ने। पंजाब इस बेटी ने विदेश में गांव, जिले, हलके, प्रदेश के साथ देश का नाम भी रोशन किया है।
विधानसभा हलका जीरा के गांव आसफ वाला की जसविंदर कौर ने कनाडा आर्मी में भर्ती होकर पंजाब का नाम रोशन किया है। हालांकि जसविंदर कौर पंजाब पुलिस में भर्ती होना चाहती थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। कनाडा में फौज में भर्ती होने की सूचना मिलते ही लोग जसविंदर कौर के माता-पिता को बधाई देने गांव आसफ पहुंचे।
जसविंदर कौर के पिता रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में बहुत होशियार थी। उसे पंजाब पुलिस में भर्ती होने का शौक था। जसविंदर बचपन से ही अपनी कक्षा में अव्वल आती थी। उसने गांव के बाबा श्याम सिंह अटारी धार्मिक संस्था के स्कूल से शिक्षा हासिल की थी। शिक्षा के साथ-साथ वह परमात्मा का सिमरन भी करती थी। अचानक उसका विदेश (कनाडा) जाने का मन बन गया।
मॉन्ट्रियल (कनाडा) में जसविंदर कौर ने पढ़ाई के साथ मजदूरी भी की। एक दिन उसने मोबाइल में फौज का फॉर्म देखा और भर दिया। कनाडा में उसका फौज में चयन हो गया। रणजीत सिंह ने कहा कि उसकी माता बहुत खुश हैं कि उनकी बेटी फौज में भर्ती हो गई है। उनके पास ढाई एकड़ जमीन है। बड़ी मेहनत से बच्चों को पढ़ाया है। उनकी बेटी ने अपने बहन-भाई को भी कनाडा बुला लिया है। उन्होंने बताया कि बेटी के इस उपलब्धि पर उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। इस मौके पर बाबा बलकार सिंह ने परिवार को बधाई देते हुए कहा कि जसविंदर कौर ने जो काम किया है उससे महिलाओं का भी सम्मान बड़ा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.