डीएम आत्महत्या मामला: मृतक की पत्नी बोली- जबतक लालजीत की गिरफ्तारी नहीं, तबतक पोस्टमार्टम नहीं होगा
पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर (डीएम) गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मुझे न्याय चाहिए और कुछ नहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर में पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर (डीएम) गगनदीप सिंह रंधावा के आत्महत्या का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। रंधावा की मौत मामले में दुख जताने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
मृतक गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर का कहना है कि परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मेरे पति को बहुत प्रताड़ित किया। मेरे पति को इतना बेबस कर दिया गया कि उन्होंने अपनी जान ले ली। उन्हें कहा गया था कि उनके परिवार, उनके बच्चों को खत्म कर दिया जाएगा और उनके पीछे गैंगस्टर लगा दिए जाएंगे। 13 मार्च को उनके दफ्तर में उन्हें बहुत प्रताड़ित किया गया। शनिवार सुबह, यानी कल, उन्होंने अपनी जान ले ली। मेरे 3 छोटे बच्चे हैं। मेरी सास हैं। हम सभी न्याय की मांग करते हैं। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।
रंधावा की पत्नी ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मुझे न्याय चाहिए और कुछ नहीं। 13 मार्च को जब वह वापस आए, तो उन्होंने मुझे सब कुछ बता दिया था। उन्होंने अपने विभाग में शिकायत भी की थी। वे बस उन्हें आश्वासन देते रहे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। शुरुआत में सरकार के दबाव के चलते FIR दर्ज नहीं की गई थी। यह सब इसलिए किया गया क्योंकि एक टेंडर पास नहीं किया गया था। यह जताया जा रहा था कि मेरे पति जान-बूझकर उसे पास नहीं कर रहे थे। मुझे अपनी जान का डर है; मुझे और मेरे बच्चों को सुरक्षा दी जानी चाहिए। अगर हमें कुछ भी होता है, तो इस सरकार की जिम्मेदारी होगी।
परिवार से मुलाकात के बाद बाजवा ने कहा कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए थी। उन्होंने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता और अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की। बाजवा ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और इसकी जांच पंजाब पुलिस के बजाय केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और परिवार को न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी मांग की कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए मंत्री भुल्लर और मृतक गगनदीप सिंह रंधावा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस की जाए। बाजवा ने कहा कि लालजीत भुल्लर की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच संभव हो सके।
इसके साथ ही बाजवा ने पंजाब सरकार की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने में सक्षम नहीं है, इसलिए जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
सुखबीर बादल ने सरकार को दी चेतावनी
गगनदीप रंधावा आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब की राजनीति में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है और विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। वहीं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
सुखबीर बादल ने कहा कि वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा की गई मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान गंवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के बयान के बावजूद पुलिस अभी तक मामला दर्ज नहीं कर रही है। मौके पर ही उन्होंने पंजाब के डीजीपी से बात कर परिवार के बयानों के आधार पर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की है। सुखबीर बादल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार और पुलिस को बड़े संघर्ष का सामना करना पड़ेगा।
#WATCH | Punjab Warehousing Corporation (PWC) official suicide case in Amritsar | Wife of deceased Gagandeep Singh Randhawa, Upinder Kaur says, "...Transport Minister Laljit Singh Bhullar tortured my husband a lot. My husband was made so helpless that he took his own life...He… pic.twitter.com/EmYRUONUXK
— ANI (@ANI) March 22, 2026