Punjab: स्कूल में चल रही थी परीक्षा...बदमाशों ने दागी दनादन गोलियां, सहम गए बच्चे, गैंगस्टर ने एमडी को दी धमकी
स्कूल में परीक्षा चल रही थी। स्कूल के अंदर लगभग 850 स्टूडेंट्स थे। तभी बाइक पर आए दो बदमाशों ने दनादन गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुन बच्चे और शिक्षक सहम गए। घटना पंजाब के तरनतारन की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के बॉर्डर एरिया तरनतारन के खेमकरण में बदमाशों ने एक स्कूल पर गोलियां चलाई है। सेंट कबीर कान्वेंट स्कूल के गेट पर फायरिंग की घटना से वहां हड़कंप मच गया। घटना वीरवार सुबह 11.50 बजे की है। यह यह घटना हुई तो स्कूल में बच्चों की परीक्षा चल रही थी। गोलियों की आवाज से बच्चे सहम गए। बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाई और फरार हो गए।
गोलियों की आवाज सुनकर स्कूल में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पट्टी की पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र भर में नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। हालांकि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
सेंट कबीर कान्वेंट स्कूल दासूवाल (वल्टोहा) के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) मानवजीत सिंह संधू ने बताया कि कुछ समय पहले विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल ने फोन करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसी शिकायत थाना सदर पट्टी पुलिस को दी गई है। जून माह में स्कूल के गेट नंबर दो पर दोपहर के समय बदमाशों ने उनकी कार पर आठ गोलियां चलाई थी।
संधू ने बताया कि वीरवार को स्कूल में बच्चों की परीक्षा थी। पेपर के बाद दोपहर 12 बजे छुट्टी करने की तैयारी की जा रही थी। ठीक 10 मिनट पहले (11.50 बजे) बाइक पर सवार दो बदमाशों ने गेट नंबर एक पर गोलियां दागीं। स्कूल में 850 से अधिक स्टूडेंट्स पढ़ाई करते हैं।
संधू ने बताया कि स्कूल के आसपास पीसीआर टीम को तैनात करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्कूल की व्यवस्था मामले में उनकी शिकायत को हलके में लिया है। मानवजीत सिंह संधू ने बताया कि रंगदारी को लेकर गोली चलने की यह दूसरी घटना है। थाना सदर पट्टी के प्रभारी विपन कुमार का कहना है कि पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
अस्पताल के बाहर बाइक सवारों ने चलाई गोलियां
कस्बा भिखीविंड स्थित मंदिर वाली गली में वीरवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने चोपड़ा अस्पताल पर गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह, थाना भिखीविंड के प्रभारी हरप्रीत सिंह विर्क मौके पर पहुंचे। डॉ. नितिन चोपड़ा ने बताया कि वह अपने अस्पताल में मौजूद थे, तभी एक बाइक अस्पताल के आगे आकर रुकी। बाइक सवार ने अस्पताल पर गोलियां चलाईं। बाइक पर पीछे बैठा युवक मोबाइल पर वीडियो बना रहा था। तीन गोलियां चलाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह ने बताया कि गोलियां चलाने वाले बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।