{"_id":"6839e7cecb23975f9209eb33","slug":"attacked-with-sword-on-man-in-front-of-police-in-barnala-see-video-2025-05-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"बरनाला में गुंडागर्दी का नंगा नाच: पुलिस के सामने व्यक्ति को तलवारों से काटा, पत्नी जोड़ती रही हाथ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
बरनाला में गुंडागर्दी का नंगा नाच: पुलिस के सामने व्यक्ति को तलवारों से काटा, पत्नी जोड़ती रही हाथ
Fri, 30 May 2025 10:47 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा/महलकलां
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा/महलकलां
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Fri, 30 May 2025 10:47 PM IST
सार
पुलिस जिला बरनाला के थाना महल कलां के गांव हरदासपुरा में भीड़ ने अमृतधारी युवक सतपाल सिंह को पुलिस की गाड़ी से खींचकर तलवारों से कई वार कर बुरी तरह घायल कर दिया।
विज्ञापन
व्यक्ति पर हमला करते लोग।
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के बरनाला में गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला है। यहां पुलिस की आंखों के सामने हमलावरों ने एक व्यक्ति पर तलवारों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो काफी डरावना है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलवरों से बचने के लिए व्यक्ति पुलिस की गाड़ी में घुस जाता है, लेकिन हमलावर लगातार वार कर रहे हैं। हमलावरों की भीड़ ने पुलिस के सामने ही व्यक्ति को काट दिया। घटना थाना महलकलां के गांव हरदासपुरा की है। व्यक्ति की पत्नी ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने एक के बाद एक कई वार किए।
विज्ञापन
पुलिस जिला बरनाला के थाना महल कलां के गांव हरदासपुरा में भीड़ ने अमृतधारी युवक सतपाल सिंह को पुलिस की गाड़ी से खींचकर तलवारों से कई वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। वहां मौजूद हथियारबंद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बन यह सब देखते ही रहे। पीड़ित की पत्नी लोगों से गुहार लगाती रही लेकिन लोग लगातार हमला करते रहे। घायल युवक को बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला आपसी विवाद का है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान के लिए वीडियो का सहारा लिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार 27 मई को सतपाल सिंह ने पत्नी को छेड़ने के आरोप में गांव के गुरुद्वारा रविदास के ग्रंथी बलजीत सिंह को बुरी तरह पीटा था। किरपाण से हमला कर उसे घायल कर दिया था। सुखदेव के बयान पर सतपाल के खिलाफ इरादा ए कत्ल का मामला दर्ज किया गया था लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। शुक्रवार सुबह सुखदेव सिंह के परिवार को सतपाल के घर में ही छिपे होने की भनक लग गई। सुखदेव के बेटे और गांववासी उसके घर पहुंच गए जहां सतपाल घर की छत पर हाथ में किरपाण लिए सब को ललकारने लगा। थाना महलकलां को भी जानकारी मिली तो पुलिस टीम भी गांव में पहुंच गई। गांववासियों ने सतपाल को पत्थर मारने शुरू किए तो वह छत से भागकर छिपने की जगह तलाशने लगा। लोगों से बचने के लिए वह पुलिस की गाड़ी में घुस गया। इसके बाद हाथों में तलवार और और डंडे लेकर गांववासियों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसमें बैठे सतपाल पर तलवारों व तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसवाले खड़े होकर यह सब देखते रहे।
विज्ञापन
पत्नी लोगों के सामने हाथ जोड़ती रही
गांववासियों ने सपताल पर हमला बोला तो वहां मौजूद उसकी पत्नी हाथ जोड़कर जान की भीख मांगती रही लेकिन किसी ने भी उसकी एक न सुनी। लोगों ने पुलिस की गाड़ी से खींचकर सपताल को बाहर निकाला और लहूलुहान कर दिया। उसे बचाने के लिए उसकी पत्नी उससे लिपट गई। काफी देर बाद पुलिस के जवानों ने भीड़ को तितर बितर किया।
वीडियो से करेंगे हमलावरों की पहचान- थाना प्रभारी
थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि सतपाल के खिलाफ सुखदेव सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मुकदमा नंबर 34 सतपाल पर हमला करने वालों के खिलाफ दर्ज किया गया है। सुखदेव के बेटे और अन्य परिवार वाले वीडियो में नजर आ रहे हैं बाकियों की पहचान की जा रही है। सब को नामजद करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
