{"_id":"682f26fee93d9ad78f0cbc0f","slug":"anti-narcotics-task-force-asi-and-his-driver-arrested-taking-bribe-in-bathinda-2025-05-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब में खाकी पर लगा दाग:एएनटीएफ का एएसआई और ड्राइवर ले रहे थे घूस, दो लाख मांगे, एक लाख में हुई थी डील","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पंजाब में खाकी पर लगा दाग:एएनटीएफ का एएसआई और ड्राइवर ले रहे थे घूस, दो लाख मांगे, एक लाख में हुई थी डील
Thu, 22 May 2025 08:37 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 22 May 2025 08:37 PM IST
सार
पंजाब में खाकी फिर से दागदार हुई है। विजिलेंस टीम ने एएनटीएफ का एएसआई और उसके ड्राइवर को लाखों रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
विजिलेंस की हिरासत में आरोपी।
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बठिंडा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) मेजर सिंह और उसके पर्सनल ड्राइवर राम सिंह को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों को 1 लाख 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उक्त एएसआई ने 11 मई को ड्रग्स के साथ पकड़े गए मानसा जिले के तीन युवकों के सोने के गहने लौटाने की एवज में घूस मांगी थी।
विज्ञापन
उधर, पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के एएसआई मेजर सिंह ने उनके बच्चों के खिलाफ चिट्टे का झूठा मामला दर्ज किया है। आरोपी एएसआई व उसके निजी ड्राइवर पर थाना विजिलेंस ब्यूरो में भ्रष्टचार का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विजिलेंस डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि बीते 11 मई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के एएसआई मेजर सिंह ने मानसा जिले से तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। एएसआई ने युवकों से कुछ सोने के गहने भी बरामद किए थे, लेकिन उक्त गहने आरोपी एएसआई ने पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किए और अपने पास रख लिए। गहनों की कीमत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
विज्ञापन
आरोपी एएसआई मेजर सिंह ने गिरफ्तार युवकों के परिजनों से संपर्क कर सोने के गहने वापस करने के बदले में 2 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में डील 1 लाख 5 हजार रुपये तय हुई थी। मामले में शिकायतकर्ता अजैब सिंह ने आरोपी के खिलाफ विजिलेंस को शिकायत दी थी। डीएसपी कुलवंत सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने वीरवार को तलवंडी साबो में आरोपी एएसआई को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था। अजैब सिंह और अन्य ने एएसआई को तलवंडी साबो से रिश्वत की रकम लेने के लिए कहा, जिसके बाद उसने अपने निजी ड्राइवर राम सिंह को रिश्वत की रकम लेने के लिए भेजा था। जैसे ही शिकायतकर्ता अजैब सिंह व अन्य ने राम सिंह को रिश्वत की रकम थमाई तो विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही विजिलेंस टीम ने तुरंत एएसआई मेजर सिंह को तलवंडी साबो के स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि निजी व्यक्ति एएसआई का ड्राइवर बताया जा रहा है और वह कई मामलों में गवाह भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि निजी व्यक्ति राम सिंह और एएसआई के बीच संबंधों की जांच की जाएगी। एएसआई से यह भी पूछताछ की जाएगी कि गिरफ्तार युवक का क्या-क्या सामान उसने अपने पास रखा है।