Chd-Pb Big News: चंडीगढ़ में बम धमकियों से हड़कंप, सीएम मान के ओएसडी पर भ्रष्टाचार के आरोप
पूर्व सीएम चन्नी का विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा एलान। चंडीगढ़ में बम धमकियों से हड़कंप। अमृतसर में जीआरपीएफ कर्मचारी पर फायरिंग। पढ़ें पंजाब और चंडीगढ़ की बड़ी खबरें
विस्तार
चंडीगढ़ में सोमवार को बम धमकियों की सूचनाओं से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शहर के 15 स्कूलों और पंजाब-हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। संबंधित स्थलों पर पुलिस टीमें पहुंचीं और परिसरों की जांच शुरू कर दी गई। बम निरोधक दस्ते को भी जांच में लगाया गया। अभी तक किसी भी स्कूल या सचिवालय परिसर से बम अथवा संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पढ़ें पूरी खबर
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाजायज बिजली बिल आ रहे हैं, वे फिलहाल इन बिलों का भुगतान न करें। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे बिल पहले की तरह माफ कर दिए जाएंगे। चन्नी ने आप सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपनी मुफ्त योजनाओं के लिए पैसा जुटाने के उद्देश्य से लोगों को अधिक बिजली के बिल भेज रही है। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर में ड्यूटी से घर लौट रहे जीआरपीएफ कर्मचारी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर तैनात सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने गांव जगदेव खुर्द जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास एक पुली पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें कथित तौर पर घेर लिया और फायरिंग कर दी। हमलावरों की ओर से चलाई गई गोली सुखचैन सिंह के बाएं हाथ में लगी और आर-पार हो गई। गोली लगने से वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। पढ़ें पूरी खबर
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी हिंसा मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान योगेश अपूर्वा, निवासी मेहराटा (राजस्थान) और आदित्य, निवासी हाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी है। इससे पहले पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और 20 लोगों को नामजद किया गया था। पढ़ें पूरी खबर
कोटकपूरा की लब्बू राम स्ट्रीट में डेरा सत करतार के पास सोमवार सुबह गैस लीकेज के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में घर में रखे दो गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गए। हादसे में घर का अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जानी नुकसान होने से बच गया। पढ़ें पूरी खबर
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सीएम भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और अन्य लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच सीबीआई को सौंप दी हैं। कोर्ट ने पंजाब के डीजीपी को ईडी की ओर से भेजे गए पत्रों की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने वकील निखिल सराफ की ओर से दायर एक पीआईएल पर यह आदेश दिया। कोर्ट ने सीबीआई को दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। पढ़ें पूरी खबर
अवैध संबंधों के चलते पूर्व सरपंच की हत्या
बठिंडा में रविवार शाम को गांव जस्सी पो वाली चौक पर बने शराब ठेके के सामने पूर्व सरपंच जगतार सिंह की निर्मम हत्या हुई थी। अब इस मामले में सोमवार को बड़ा खुलासा हुआ। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक पूर्व सरपंच जगतार सिंह के गांव के ही रहने वाले गुरादित्ता सिंह की पत्नी के साथ अवैध सबंध थे। इस बारे में गुरादित्ता सिंह को भी संदेह था। पुलिस से जुड़े सूत्र बताते है कि इसी रंजिश के कारण गुरादित्ता सिंह जगतार सिंह से खुन्नस रखता था जिसके बाद उसने पूर्व सरपंच की हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.