{"_id":"6907a696ab0ada9e7500c9d4","slug":"a-massive-fire-broke-out-at-a-marriage-palace-causing-panic-at-the-wedding-ceremony-2025-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mohali: औरा गार्डन मैरिज पैलिस में लगी भीषण आग, शादी समारोह में मची अफरातफरी, दूल्हा-दुल्हन समेत सभी सुरक्षित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mohali: औरा गार्डन मैरिज पैलिस में लगी भीषण आग, शादी समारोह में मची अफरातफरी, दूल्हा-दुल्हन समेत सभी सुरक्षित
Mon, 03 Nov 2025 12:15 AM IST
विजय पुंडीर
संवाद न्यूज एजेंसी, जीरकपुर (मोहाली)
संवाद न्यूज एजेंसी, जीरकपुर (मोहाली)
Published by: विजय पुंडीर
Updated Mon, 03 Nov 2025 12:15 AM IST
सार
आग लगने के बाद दूल्हा-दुल्हन, परिवारजन और मेहमानों में भगदड़ मच गई, लेकिन स्टाफ की सूझबूझ के कारण सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विज्ञापन
मैरिज पैलेस में अचानक भीषण आग लगी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंचकुला बैरियर के नजदीक स्थित औरा गार्डन मैरिज पैलेस में शुक्रवार देर रात करीब पौने 11 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आगजनी के समय पैलेस में एक शादी समारोह चल रहा था।
विज्ञापन
जैसे ही रसोई क्षेत्र से धुआं उठता दिखाई दिया, वैवाहिक माहौल खुशी से दहशत में बदल गया। आग लगने के बाद दूल्हा-दुल्हन, परिवारजन और मेहमानों में भगदड़ मच गई, लेकिन स्टाफ की सूझबूझ के कारण सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और दूल्हा दुल्हन अपनी शादी वाली कार में बैठकर सुरक्षित जगह चले गए।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, पहले हल्का धुआं उठा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। शादी समारोह में मौजूद महिलाओं और बच्चों को तुरंत बाहर निकाला गया, जबकि कुछ स्टाफ सदस्यों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, मगर लपटें इतनी तेज थीं कि वे पीछे हटने को मजबूर हो गए।
विज्ञापन
इस दौरान बात करते हुए वेटर नागेश ने बताया कि आग लगने का पक्का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, पर संभावना जताई जा रही है कि गैस सिलिंडर से लीकेज होने के कारण आग भड़की। उन्होंने कहा कि जैसे ही लपटें उठीं, बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और सभी लोगों को गेट की ओर निकाल दिया गया। नागेश ने बताया कि किचन में रखे सिलिंडरों में से एक से गैस रिस रही थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने पानी और फोम की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई थी। आग की लपटें देर रात तक उठती रहीं।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आस-पास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए और राहत कार्य में मदद की। फायर अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुला ली गई हैं। आग से रसोई और सजावट का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। वहीं एक व्यक्ति ने बताया के मैरिज पैलिस के नजदीक पटाखों की काफी बड़ी दुकान थी वहीं से भी आग लगी हो सकती है। फिलहाल आग लगने के करणों की पुष्टि नही हो पाई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विवाह स्थलों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
डेराबस्सी और पंचकूला से बुलाई फायर ब्रिगेड, 6 गाड़ियां मिलकर बुझा रही आग
पैलेस पर लगी आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि जीरकपुर की दो गाड़ियों से भी स्थिति नियंत्रित नहीं हो पा रही थी। इसके बाद प्रशासन ने डेराबस्सी और पंचकूला से फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाईं। देर रात तक कुल छह दमकल विभाग की गाड़ियां मिलकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं।
फायर अधिकारियों ने बताया कि आग मुख्य रूप से पैलिस के किचन और सजावट के हिस्से में लगी, जहां से यह तेजी से फैल गई। दमकलकर्मियों ने पानी और फोम की मदद से आग की लपटों को काबू में करने का प्रयास किया। पैलेस के अंदर धुआं भर जाने के कारण राहत कार्य में कठिनाइयां आईं, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।