पंजाब में जेपी नड्डा ने की ताबड़तोड़ रैलियां: कहा- कैंसर ट्रेन से मुक्ति केंद्र सरकार ने दिलाई, किसानों के हित में निर्णय लेती है सरकार
जेपी नड्डा ने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले बहुत लोग हुए हैं, लेकिन किसानों के लिए जितना काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है, उतना किसी ने नहीं किया। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 10.50 करोड़ किसानों के खाते में हर तीसरे महीने 2-2 हजार रुपये पहुंचाए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बठिंडा में मंगलवार को मौड मंडी की दाना मंडी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने जनसभा की। उन्होंने कहा कि पंजाब को कैंसर ट्रेन से मुक्ति केंद्र की भाजपा सरकार ने दिलाई है। 1984 सिख दंगा पीडितों को इंसाफ दिलाने का भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने वादा किया है। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार हमेशा किसानों के हित को सोचकर उनके हक में निर्णय लेती रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में एमएसपी पर फसल खरीदने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने उनके खातों में 24 हजार करोड़ रुपये जमा करवाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब कृषि विभितता की जरूरत है।
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने पंजाब को कैंसर ट्रेन से मुक्ति दिलाते हुए बठिंडा में एम्स खोला है। इससे कैंसर पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस सरकार ने कभी 1984 सिख विरोधी दंगा के पीड़ितों को इंसाफ नहीं दिलाया जबकि मोदी सरकार ने इंसाफ दिलाने का बीड़ा उठाया है। एसआईटी से उक्त दंगों की जांच करवाई गई और आरोपी कांग्रेस नेताओं को पकड़ा गया।
जेपी नड्डा ने कहा कि 1947 में बंटवारे के बाद श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के हिस्से में चला गया। इसके लिए किसी सरकार ने कुछ नहीं किया। मोदी पीएम बने और श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनवाया। आज संगत बिना किसी रोक-टोक के श्री ननकाना साहिब जा सकती है।
किसानों ने मौड चौक में लगाया नड्डा के खिलाफ धरना
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का विरोध किया और मौड चौक पर धरना लगा दिया। किसान नेता शिंगारा सिंह का कहना है कि केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों के विरोध के चलते पुलिस प्रशासन ने नड्डा का रूट डायवर्ट कर रैली स्थल तक पहुंचाया।
प्रधानमंत्री ने देश की बढ़ाई सुरक्षा: नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा कि दुनिया के कई देश आज भी आतंकी घटनाओं से जूझ रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सीमाओं की सुरक्षा बढ़ाकर देशवासियों को सुरक्षित किया है। नड्डा मंगलवार को विधानसभा हलका बल्लूआना से उम्मीदवार वंदना सांगवान के समर्थन में गांव सीतो गुन्नों की दाना मंडी में जनसभा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आठ साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ 42 लाख लोगों को मकान बनाकर दिए। आजादी के बाद से आज तक अंधेरे में डूबे रहने वाले 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाने का कार्य किया है। देश के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक फ्री इलाज की सुविधा दी है, जिसमें 45 लाख लोग पंजाब के हैं।
पारिवारिक और क्षेत्रीय दलों ने पंजाब को मुश्किल में डाला
जेपी नड्डा ने फिरोजपुर रैली में कहा कि राज्य के सर्वपक्षीय विकास के लिए पंजाब के लोगों को परिवारवाद और क्षेत्रीय दलों के चंगुल से निकलना होगा। इन दलों ने पंजाब को मुश्किल में डाला है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा की सोच गरीब, पीड़ित, शोषित और अंतिम कड़ी में खड़े लोगों को मुख्य धारा में शामिल करने की है। पार्टी का नारा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। पहले देश के ज्यादातर लोगों के बैंकों में खाते नहीं थे और न ही उनके पास खाता खुलवाने के पैसे थे। केंद्र सरकार ने जनधन योजना के तहत जीरो बैलेंस में खाता खुलवाने का काम शुरू किया। कोरोना काल में महिलाओं को तीन महीने लगातार 500 -500 रुपये की सहायता दी।