शिक्षा मंत्री की कोठी के सामने बेरोजगार शिक्षकों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े, 12 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोजगार की मांग को लेकर पिछले ढाई माह से शिक्षा मंत्री विजयइंद्र सिंगला के शहर में पक्का मोर्चा लगाए बैठे टेट पास बेरोजगार बीएड और ईटीटी अध्यापकों ने रविवार करीब दो दर्जन संघर्षशील संगठनों के सहयोग से रोष प्रदर्शन किया। जब प्रदर्शनकारियों का काफिला शिक्षा मंत्री की कोठी के समीप पहुंचा तो पुलिस और बेरोजगार अध्यापकों के बीच टकराव हो गया।
पुलिस ने बेरोजगार अध्यापकों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले चलाए और पानी की बौछार की। इससे करीब 12 बेरोजगार अध्यापक घायल हो गए। इनमें से गुरजीत कौर खेड़ी, गुरप्रीत को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टेट पास बेरोजगार बीएड अध्यापक यूनियन के अध्यक्ष सुखविंदर ढिल्लवां, बेरोजगार ईटीटी अध्यापक यूनियन के अध्यक्ष दीपक कंबोज ने कहा कि संघर्ष कर रहे बेरोजगार अध्यापकों की मांगें मानने की बजाए अत्याचार किया जा रहा है। जिन शर्तों पर बीएड, ईटीटी और टेट करवाए गए थे, अब नौकरी के लिए शर्तें बदलकर उम्मीदवारों को अयोग्य करार दिया है।
नेशनल कौंसिल आफ टीचर्स एजुकेशन के नियमों के मुताबिक बारहवीं पास और ईटीटी उम्मीदवार नौकरी के लिए योग्य हैं। अब भर्ती के लिए ग्रेजुएशन की शर्त थोप दी गई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सूबे के सरकारी स्कूलों में 30 हजार से अधिक अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं। दूसरी तरफ नौकरी मांगते नौजवानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय घर-घर नौकरी देने और 2500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह अब बेरोजगारों को नौकरी तो क्या, बैठक के लिए समय भी नहीं दे रहे हैं।
इस संगठनों ने दिया समर्थन
भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के सुखपाल सिंह कणकवाल, भाकियू डकौदा के मनजीत धनेर, क्रांतिकारी किसान यूनियन, पंजाब किसान यूनियन के सुखदेव लेहल कलां, किरती किसान यूनियन के भुपिंदर लौंगोवाल, जम्हूरी किसान सभा के भीम सिंह आलमपुर, मजदूर मुक्ति मोरचा के गोबिंद छाजली, पेंडू मजदूर यूनियन के बहाल बेनड़ा, डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट के दविंदर पूनिया, बलवीर चंद लौंगोवाल, गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के सुखविंदर चाहल, पंजाब सबार्डिनेट सर्विसिज फेडरेशन के सुखदेव चंगालीवाला, डेमोक्रेटिक मुलाजिम फ्रंट, अध्यापक संघर्ष कमेटी के देवी दयाल, नौजवान भारत के सुखजिंदर सिंह, इंकलाबी लोक मोरचा के स्वर्णजीत सिंह, तर्कशील सोसाइटी के परमवेद, जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के बिक्कर सिंह हथोआ, हरजिंदर झुनीर, मनधीर सिंह, रघवीर सिंह भवानीगढ़, हरभगवान भीखी, प्रदीप गुरु बेरोजगार अध्यापकों के समर्थन में पहुंचे। संगठनों ने बेरोजगार अध्यापकों का पूर्ण समर्थन करते कहा कि यदि उनकी मांगों को स्वीकार न किया गया तो संघर्ष को और तेज कर दिया जाएगा।