वाराणसी में बड़ागांव क्षेत्र के सैरा गांव में बदमाशों की गोली का शिकार हुए इंदरपुर गांव के पूर्व प्रधान विजेंद्र यादव उर्फ पप्पू को आखिरकार किसने फोन कर बुलाया था। यह सवाल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौजूद उनके परिजनों और शुभचिंतकों की जुबान पर था। इसी आधार पर पुलिस विजेंद्र के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही उनके साथ हमेशा साए की तरह मौजूद रहने वाले लोगों से देर रात तक जानकारी जुटाती रही।
प्रधान पद के प्रत्याशी की हत्या: पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल, किसी ने फोन कर बुलाया था गांव
विजेंद्र अपने गांव में युवाओं के साथ ही अन्य आयु वर्ग के लोगों के बीच भी खासे लोकप्रिय थे। उनकी हत्या के बाद समाजवादी पार्टी के बड़ागांव क्षेत्र और शहर के कई स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही सपाजनों ने विजेंद्र को समाजवादी पार्टी का सच्चा सिपाही बताया।
पत्नी हुई बेसुध, दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल
विजेंद्र की हत्या के बाद उनकी पत्नी ममता की हालत बेसुधों जैसे थी। वहीं, उनके बेटों वैभव और विभव का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बड़ी ही मुश्किल से ममता और उनके दोनों बेटों को संभाले हुए थे। परिजनों का कहना था कि विजेंद्र के घर में चौथी बार ग्राम प्रधानी का ताज ना आए, इसलिए उनकी हत्या की गई है। यदि बदमाश जल्द न पकड़े गए तो बड़ागांव से बनारस तक बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।
16 दिन में आठ लोगों की हत्या, तीन की हत्या का प्रयास
जिले में शहर और ग्रामीण इलाके की पुलिस के कार्यक्षेत्र का विभाजन होने के साथ ही अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। आए दिन आपराधिक प्रवृत्ति के लोग कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। बीते 16 दिन में बदमाशों ने चोलापुर, मिर्जामुराद, चौबेपुर, लोहता, सारनाथ, लंका, रोहनिया और बड़ागांव क्षेत्र में आठ लोगों की हत्या करने के साथ ही तीन लोगों की हत्या का प्रयास किया। इसके साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्र में चेन छीनने और उचक्कागिरी की घटनाओं में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ताबड़तोड़ हो रही आपराधिक घटनाओं से जिले के लोगों में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली गंभीर सवालों के घेरे में है।
परिजनों के अनुसार विजेंद्र के सीने पर सात गोली मारी गई है। वहीं डॉक्टरों के अनुसार गोलियों के बारे में सही तरीके से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो सकेगा। उधर, वारदात की सूचना पाकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने बताया कि परिजनों से यही पता लगा है कि सीने में सात गोली मारी गई है। फिलहाल शव बीएचयू मोर्चरी में रखवाया गया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।