वाराणसी की खबरें: युवती के अपहरण, दुष्कर्म मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार; हादसों में तीन की गई जान
वाराणसी में युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। वहीं, जिले में हुए अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपी पिता-पुत्र को फूलपुर पुलिस ने सोमवार को कठिरांव गांव से गिरफ्तार किया। कठिरांव निवासी आरोपी पुत्र विपिन कुमार और पिता विजय कुमार हैं। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा के अनुसार, 24 सितंबर को युवती के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी विद्यालय से घर नहीं लौटी। आरोपी विपिन कुमार, जो बेटी को परेशान कर शादी का दबाव बनाता था, उसे अपने साथी दीपक कुमार और पिता विजय कुमार के साथ मिलकर भगा ले गया। विवेचना में विपिन के खिलाफ दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गईं। पूछताछ में आरोपी विपिन कुमार ने बताया कि वह युवती से प्रेम करता था।
महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के सामने रविवार रात पारिवारिक कलह से परेशान अंतिमा देवी ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। सोमवार सुबह पति संदीप ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अंतिमा की एक साल की बेटी है। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ गोपालपुर गांव में किराये पर रहता था।
रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सोमवार सुबह तक उसकी खोजबीन की गई। सूचना मिली कि गोपालपुर गांव के सामने ट्रैक पर महिला का शव मिला है। थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर पति को सौंप दिया गया है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अंतिमा ने यह कदम उठाया।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां बाजार के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार संजय कुमार (50) की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भाग गया। वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर हुए हादसे के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के मुड़ियार गांव निवासी संजय कुमार अपनी बाइक से सैदपुर की ओर जा रहे थे। उमरहा बाजार के पास दैत्राबीर बाबा मंदिर के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संजय कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि संजय के मोबाइल के जरिये उनकी पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
पेड़ से बाइक टकराने से पिता की मौत
थानागद्दी-मुढ़ैला मार्ग पर भैंसा गांव के पास रविवार की रात में करीब दस बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाराणसी के सिंधौरा थाना क्षेत्र के छताये सरैया निवासी बाइक सवार रामकिशुन राम की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा मनोज राम और उसका दोस्त सुखराम बनवासी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को डोभी सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि घायल मनोज राम के अनुसार रविवार देर रात वह पिता रामकिशुन और अपने दोस्त सुखराम बनवासी के साथ बाइक से चंदवक से घर जा रहा था। भैंसा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। रामकिशुन की मौके पर ही मौत हो गई।
गैर-जमानती वारंट के दो आरोपी गिरफ्तार
गैर जमानती वारंट में वांछित दो आरोपियों संजय पटेल और फूलचंद को फूलपुर पुलिस ने सोमवार को पिंडरा से गिरफ्तार किया। फूलपुर इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी तड़सड़ा फूलपुर के निवासी हैं।
जुए के फड़ पर छापा, 15 आरोपी गिरफ्तार
नदेसर स्थित खाली प्लॉट पर जुए के फड़ पर सोमवार को कैंट पुलिस और एसओजी-2 ने छापा मारकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से पुलिस ने 1.45 लाख रुपये नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए। डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नदेसर निवासी अजय, भग्गू, बाबू, खरबूजा शहीद निवासी विष्णु, राहुल, धीरज, लोहटिया निवासी यश, सदर बाजार बहादुर शहीद छावनी निवासी विशाल, सूरज और पांडेयपुर निवासी राजा यादव, गाजीपुर बहरियाबाद थाना क्षेत्र के चकपरीद निवासी शिकारी, मिर्जामुराद के कछवा रोड चौराहा निवासी राजन, कैंट के अंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी निखिल कुमार, छोटी मलदहिया निवासी जयराम, मलदहिया निवासी राज है। निजी मुचलके पर सभी को थाने से रिहा कर दिया गया।
टेंट कारोबारी की पिकअप चोरी, पुलिस जांच शुरू
मिर्जामुराद के कछवा रोड के ठठरा बाजार में रविवार रात टेंट कारोबारी कादिर अली का पिकअप घर के बाहर से चोरी हो गई। चेन काटकर वाहन ले भागे। दो अन्य पिकअप चोरी करने का प्रयास किया गया। टेंट कारोबारी अली ने पुलिस को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात 1.48 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश चोरी को अंजाम देते कैद हुए। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पिकअप की दिशा और चोरों की तलाश की जा रही है।
महिलाओं से अश्लील हरकत करने का आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं और युवतियों से अश्लील हरकतें करने के आरोपी आकाश जैसवार को भेलूपुर पुलिस ने रविवार रात गौरीगंज तिराहे से गिरफ्तार किया। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फरीदपुरा सोनारपुरा का रहने वाला है।
पति-पत्नी के विवाद में ससुरालियों ने की मारपीट
शिवपुर के मीरापुर बसही में दंपती के बीच हुए विवाद के बाद ससुराल वालों ने घर में घुसकर पति से मारपीट की। पीड़ित पति की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मीरापुर बसही निवासी जितेंद्र चौहान ने पुलिस को बताया कि पत्नी से घरेलू बातों को लेकर उनका विवाद हुआ था। पत्नी ने इसकी सूचना अपने भाई विपिन सिंह को दी। विपिन सिंह बाराबंकी से अपने चाचा और दोस्तों के साथ घर पहुंचा और मारपीट की। मारपीट में पिता को भी चोटें आईं। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मारपीट और धमकी के आरोप में 16 पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के बर्थरा कला गांव में दो पक्षों के विवाद में पुलिस ने 16 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 24 अक्तूबर की सुबह विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पीड़िता धर्मशीला देवी ने पुलिस को बताया कि 16 लोगों ने मारपीट की और धमकी दी। परिवार के लोग भी घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर ले जाया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दो शोधार्थियों को मिला युवा दार्शनिक पुरस्कार
काशी विद्यापीठ दर्शनशास्त्र विभाग में दो शोधार्थियों को युवा दार्शनिक पुरस्कार दिया गया। प्रो. पीतांबर दास के निर्देशन में शोध कार्य कर चुके डॉ. शुभम यादव, शोध कार्य कर रही कोमल को युवा दार्शनिक पुरस्कार मिला है। मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ दर्शन परिषद द्वारा डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय में 24 एवं 25 अक्तूबर को हुए परिषद के वार्षिक अधिवेशन में यह पुरस्कार शोध कार्य के क्षेत्र में उत्तम कार्य करने के लिए दिए गए हैं।
वाद विवाद प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
डीएवी पीजी कॉलेज में सोमवार को हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में बीएचयू सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें बीएचयू की श्रुति को पहला स्थान मिला जबकि डीएवी कॉलेज के प्रत्युष दूसरे स्थान पर रहे।
कॉलेज की सांस्कृतिक समिति की पहल पर शास्त्रार्थ डिबेटिंग सोसाइटी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजो और विश्वविद्यालयों के छात्रों ने समाज के ज्वलंत मुद्दों पर बहस की। कॉलेज के प्रबन्धक अजीत सिंह यादव, कार्यवाहक प्राचार्य प्रो.मिश्रीलाल, उप प्राचार्य प्रो.संगीता जैन, डॉ. तरु सिंह, डॉ. हसन बानो ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मैडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। निर्णायक मण्डल में एडवोकेट साक्षी सिंह, उज्ज्वल पाण्डेय एवं बादल सिंह राज शामिल रहे।
एआई से डरें नहीं, इसे सीखकर क्षमता बढ़ाएं
बीएचयू में सोमवार को कैंपस टू कॉरपोरेट कार्यक्रम हुआ। इसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रोजगार की तैयारी, समूह चर्चा, साक्षात्कार और जीवनवृत्त तैयार करने के तरीके बताए। बदलती तकनीक के अनुरूप कौशल विकसित करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। विवि के छात्र अधिष्ठाता के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
अध्यक्षता करते हुए छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने टीसीएस के प्रतिनिधियों से विवि के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का आग्रह किया। विज्ञान संस्थान के रोजगार एवं प्रशिक्षण समन्वयक प्रो. एसपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य संयोजक और टीसीएस वाराणसी के केंद्र प्रमुख रवि कोहली ने विद्यार्थियों को कंपनी की रोजगार चयन प्रक्रिया में अधिकाधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। टीसीएस के क्षेत्रीय प्रमुख संदीप जोशी और सत्येंद्र यादव ने विचार रखे।
बीएचयू-आईआईटी कानपुर की कार्यशाला में एआई पर मंथन
आईआईटी कानपुर और बीएचयू के तत्वावधान में राष्ट्रीय कार्यशाला में वक्ताओं ने उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर चर्चा की। इस दौरान बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि एआई के प्रयोग से शोध को नया आयाम मिलेगा। विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी जानकारी हासिल करने में लाभ होगा।
आईआईटी कानपुर में उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर हुई कार्यशाला में आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने वर्तमान समय में एआई की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी ने शिक्षा तक पहुंच का विस्तार करने, शोध को गति देने के साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों को ज्ञान का सह-सृजक बनाने में एआई की क्षमता पर बात रखी।
छत्रपति साहूजी महाराज यूनिवर्सिटी (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि एआई का उपयोग यह आकलन करने के लिए किया जाए कि विद्यार्थी वास्तव में क्या जानते हैं। इस दौरान बीएचयू के कंप्यूटर विज्ञान विभाग की प्रो. मंजरी गुप्ता, शिक्षा संकाय से डॉ. सोमू सिंह, डॉ. प्रतीक चौरसिया ने सहभागिता की। कार्यशाला में आईआईटी कानपुर से प्रो. मनोज हरबोला, प्रो. आदित्य जगन्नाथम, बीएचयू से डॉ. प्रतीक चौरसिया मौजूद रहे।
फुलवरिया में आज 4 घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति के लिए मरम्मत का काम कराया जाना है। मंगलवार को 33/11 केवी कोटवा उपकेंद्र से पोषित 11केवी फुलवरिया फीडर पर 11 केवी लाइन पर गार्डिंग का काम होगा। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। एसडीओ नीरज बिंद ने बताया कि इस अवधि में डिफेंस कॉलोनी, सिद्धि विनायक कॉलोनी, फुलवरिया प्राइमरी स्कूल, चांदमारी आदि इलाकों में बिजली गुल रहेगी।
काशी स्टेशन के पास तीन मंदिर हटेंगे
काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए स्टेशन परिसर के बाहर तीन मंदिरों और दो रेलवे कॉलोनियों को हटाया जाना है। मंदिरों को विस्थापित करने के लिए रेलवे की ओर से नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सोमवार को उत्तर रेलवे के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लिया। स्टेशन के बाहर गंगा रेलवे कॉलोनी को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है। इसके बगल में मंदिर और धर्मशाला संचालित हो रहा है। वहीं, जीआरपी चौकी के पीछे राधा-कृष्ण मंदिर के साथ काशी रेलवे कॉलोनी के रेलवे क्वार्टर और एक अन्य मंदिर को भी हटाया जाना प्रस्तावित है।
2 दिन तेज हवा संग बारिश की चेतावनी
काशी में बंगाल की खाड़ी पर उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर अगले दो दिन में दिखाई दे सकता है। 27 से बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। 28 को यलो अलर्ट और 29 को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 18 डिग्री तक आ गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार तक अर्णब तटीय क्षेत्र में अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद वह मध्य भारत से आगे बढ़ सकता है।
सारनाथ मिनी जू में ऑनलाइन टिकट व्यवस्था शुरू
सारनाथ स्थित मिनी जू (डियर पार्क) में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने ऑनलाइन प्रवेश टिकट की सुविधा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत पर्यटकों को लंबी कतारों से बचाने के लिए परिसर में एक अलग ऑनलाइन काउंटर बनाया गया है।
वहीं, जो पर्यटक ऑफलाइन टिकट लेना चाहते हैं, उनके लिए पहले से संचालित ऑफलाइन काउंटर की सुविधा भी जारी रहेगी। वन क्षेत्राधिकारी रवींद्र यादव ने बताया कि दोनों ही काउंटरों पर टिकट की दरें समान रखी गई हैं। प्रवेश शुल्क के तहत भारतीय वयस्क पर्यटकों के लिए 20 रुपये और तीन से 12 साल के बच्चों के लिए 10 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा विदेशी एशियाई सैलानियों को 50 रुपये और अन्य देशों के विदेशी पर्यटकों को 100 रुपये प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क देना होगा। फोटोग्राफी के लिए भारतीय पर्यटकों के कैमरे के लिए 20 रुपये, एशियाई देशों के पर्यटकों के कैमरे के लिए 50 रुपये और अन्य विदेशी पर्यटकों के कैमरे के लिए 100 रुपये का शुल्क लागू रहेगा। वन विभाग की इस पहल से पर्यटन सीजन में सैलानियों को टिकट लेने में आसानी होगी और प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सुगम बनेगी।
मसाले और मेवे में नहीं मिला सकेंगे रंग, लगाई पाबंदी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने आम लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए कई खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। नए निर्देशों के तहत अब दैनिक उपयोग की प्रमुख खाद्य सामग्रियों में किसी भी प्रकार के रंग का इस्तेमाल गैर-कानूनी होगा। इस प्रतिबंध में पिसी हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर जैसे बुनियादी मसाले शामिल हैं।
अनाज, दलहन, आटा, मैदा, सूजी और सादी ब्रेड में भी रंग का प्रयोग वर्जित है। काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश जैसे सूखे मेवों को आकर्षक बनाने के लिए रंग चढ़ाने पर भी रोक लगाई गई है। शिशु आहार और पैकेट बंद दूध में किसी भी रंग के मिश्रण को पूरी तरह वर्जित किया गया है। पेयजल, प्राकृतिक फलों के ताजे रस, चायपत्ती, कॉफी, शुद्ध शहद, गुड़, खाने के तेल और वसायुक्त उत्पादों को भी प्रतिबंध सूची में रखा गया है।
सहायक आयुक्त कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि मसालों और मेवों में असामान्य या अत्यधिक चमक दिखने पर सावधानी बरतें।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में वाराणसी के 14 नेता
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा में वाराणसी के 14 नेताओं को स्थान मिला है। सदस्य के रूप में केदारनाथ सिंह, शिवनाथ यादव, रामगोपाल मोहले, डॉ वीणा पाण्डेय, विद्यासागर राय, सुधीर मिश्रा, सुधीर सिंह, हैदर अब्बास चांद, शशिकांत राय, सौरभ सिंह, सत्य प्रकाश सिंह अखंड, मीना चौबे, निर्मला पटेल और अजय कुमार सिंह को मनोनीत किया गया है। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्रीय मीडिया सह-संयोजक संतोष सोलापुरकर ने बधाई दी।
मालगाड़ी से 21 साल पहले चोरी हुई चीनी की 8 बोरी, खोजे जा रहे दस्तावेज
चलती मालगाड़ी से 21 साल पहले रेलवे स्टेशन से पहले आउटर पर चीनी की 8 बोरी फेंकने और चोरी किए जाने का मामले फिर गरमा गया है। अदालत ने मामले से जुड़े दस्तावेज नए सिरे से तलब किए हैं। रेलवे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक घटना के समय कैंट स्टेशन पर जिस अधिकारी की तैनाती थी वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब दस्तावेज ढूंढना मुश्किल हो रहा है। यात्री ट्रेन से मालगाड़ी से सामान चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं लेकिन 2005 का मामला अलग है। चीनी की आठ बोरी चोरी में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मामला अदालत के विचाराधीन है।
अदालत से समय-समय पर नोटिस जारी करके रिकॉर्ड तलब किया जाता है लेकिन अभी तक निष्कर्ष नहीं निकल सका। इस मामले को लेकर रेल अधिकारी भी परेशान हैं। वे 21 साल पुराने दस्तावेजों को तलाशने में लगे हैं। हालांकि कई अफसरों की सर्विस ही दस से 15 साल की है इसलिए पुराने रिकाॅर्ड तलाशने में दिक्कत आ रही है।
मानवेंद्र सिंह ने व्यापारियों का जाना हाल
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह का काशी आगमन पर जंगमबाड़ी में व्यापारियों ने स्वागत किया। उन्होंने बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोककल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद जंगमबाड़ी व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकेश यादव बाबू के नेतृत्व में उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। व्यापारियों ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। गौतम यादव, विवेक सिंह, पिंटू वर्मा, अमित चौधरी, जितेंद्र और विजय शंकर सहित कई व्यापारी मौजूद थे। कुंवर मानवेंद्र सिंह ने व्यापारियों से मुलाकात कर हाल-चाल जाना और आभार जताया।
श्रीअन्न की खेती के प्रति किया जागरूक
पिंडरा विकासखंड के रतवारवेगपुर गांव में सोमवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत किसान गोष्ठी और खेत दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को बाजरा, ज्वार और श्रीअन्न की खेती के वैज्ञानिक तरीकों और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों को श्रीअन्न के महत्व के बारे में बताया गया। इसमें बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो, सांवा, कुटकी और कंगनी जैसे मोटे अनाजों की विशेषताओं की जानकारी दी गई। साथ ही, किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं और सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में किसान संतोष कुमार सिंह, तकनीकी सहायक रमेश सोनकर, सहायक विकास अधिकारी कृषि साहब सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए कार्यशाला शुरू
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के कमच्छा परिसर में सोमवार को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ब्रेल पठन-लेखन तथा दिशा पहचान और आवागमन कौशल पर पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के समेकित शिक्षक शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. पीएन सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्यांगजन प्रकोष्ठ के संयुक्त कुलसचिव प्रो. संजय कुमार और अध्यक्ष शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सुनील कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आयुष कुमार और उनकी टीम की ओर से विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुई। स्वागत भाषण प्रो. योगेंद्र पांडेय ने दिया। डॉ. श्रुति पांडेय और डॉ. विनीता ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला के विषय और उद्देश्यों की जानकारी डॉ. किशोर एच. माने ने दी। विशिष्ट अतिथि ने क्षेत्र में विद्यार्थियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
एक साल बाद भी निर्माण अधूरा, फर्म को काली सूची में डाला
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को कंदवा क्षेत्र में निर्माणाधीन ऋषि मांडवी जोन और कंचनपुर मियावाकी उद्यान का निरीक्षण किया। ऋषि मांडवी जोन के निर्माण में एक साल बीतने के बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। मौके पर निर्माण सामग्री भी अव्यवस्थित ढंग से रखी मिली। जमीन पर रखे सरियों में जंग लगने और गिट्टी की गुणवत्ता को लेकर भी आपत्ति जताई। संबंधित फर्म को काली सूची में डालने की कार्रवाई की गई।
कंचनपुर मियावाकी उद्यान के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाथवे के किनारे मिट्टी भराव का काम समय से पूरा कराने और प्रवेश द्वार के पास हेज पौधे लगाने के निर्देश दिए। उद्यान में अव्यवस्थित तालाब का नए सिरे से डिजाइन तैयार कर लागत आकलन सहित प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। तालाब के किनारे अधूरे पौधरोपण को पूरा कराने और सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल पर कंटीले तार लगाने के निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त ने उद्यान में चित्रकारी कराने को कहा।
पाथवे के किनारे पौधरोपण वाले हिस्से में जाली लगाने और सीवेज शोधन संयंत्र के पास पहले से बने भवन का नवीनीकरण कर लोगों के लिए पुस्तकालय बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तालाब के उत्तर की ओर बाउंड्री वॉल से सटे कुछ भवनों का सीवर और गंदा पानी पार्क की ओर छोड़े जाने का मामला सामने आया। नगर आयुक्त ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जलकल विभाग को निकासी तत्काल बंद कराने और पानी की निकासी सड़क की ओर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एंटी रैगिंग गाइडलाइन जानेंगे छात्र
आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के छात्रों को एंटी रैगिंग से जुड़े नियमों के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए संकाय की ओर से एंटी रैगिंग गाइडलाइन पर आधारित पुस्तक का विमोचन सोमवार को हुआ। इसके पीछे मेडिकल छात्रों को रैगिंग से बचाना मुख्य वजह है। दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय में हुई संगोष्ठी में बीएचयू एंटी रैगिंग सेल अध्यक्ष प्रो. ललित मोहन अग्रवाल ने उन गतिविधियों के बारे में बताया जो रैगिंग की श्रेणी में आती हैं। स्वागत दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. अतुल भटनागर ने विद्यार्थियों को गाइडलाइन का पालन करते रहने के लिए प्रेरित किया। दंत चिकित्सा संकाय में रैगिंग-निरोधक दल के अध्यक्ष प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कर्मचारियों को सतर्कता से काम करने की जरूरत आर्थिक सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार बड़ी बाधा
रेलवे कार्यालयों में एक नवंबर तक मनाए जाने वाले सतर्कता जागरूकता सपताह का सोमवार को शुभारंभ हो गया। इस दौरान पूर्वाेत्तर रेलवे डीआरएम आफिस और बरेका कार्यालय में अधिकारियों ने कर्मचारियों को सतर्कता के साथ काम करने की शपथ दिलाई। साथ ही दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करते रहने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता से काम करने की जरूरत है। सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार सबसे बड़ी बाधा है। बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने कहा कि इस वर्ष की विषयवस्तु सत्यनिष्ठा से समृद्धि समाज एवं कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने का संदेश देती है। इस दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
उधर, पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि देश की आर्थिक, सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार एक बड़ी बाधा है। मंडल रेल प्रबंधक ने रेल कर्मियों को जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी तथा कानून के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा मौजूद रहे।
उत्तर रेलवे के डीआरएम ने कैंट स्टेशन पर देखीं सुविधाओं की हकीकत
उत्तर रेलवे के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने सोमवार को काशी और कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। काशी स्टेशन पर उन्होंने विकास और निर्माण कार्यों को देखा तो कैंट स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों को स्टेशन पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहने के लिए प्रेरित किया। मंडल रेल प्रबंधक सुनील वर्मा दो दिन तक काशी में रहे। यहां रहकर उन्होंने अधिकारियों से यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी सहित कई बिंदुओं पर बातचीत की। काशी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास, निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कार्यदायी एजेंसी को समय से गुणवत्तापूर्ण काम कराने और अधिकारियों को इसकी मॉनिटरिंग करने की बात कही।
वाराणसी जंक्शन पर यात्रियों की अतिरिक्त संख्या के मद्देनजर भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि जिस रास्तों पर यात्रियों का आवागमन होता है, समय-समय पर प्रबंधन पर जोर देने की जरूरत है। साथ ही भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
गेम्स, डांस और मस्ती के साथ मनाई दीपावली पार्टी
रोशनी, मस्ती और खुशियों के बीच मारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा ने साेमवार को दीपावली का जश्न मनाया। एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने जमकर मस्ती की। किसी ने गेम्स में हिस्सा लिया तो किसी ने डांस किया। कार्यक्रम में सदस्यों के लिए कई तरह के गेम्स आयोजित हुए। सभी ने व्यंजनों का आनंद लिया। साथ ही एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर संस्था की अध्यक्ष निहारिका तोदी, सचिव सुनीता अग्रवाल और कोषाध्यक्ष नेहा गोयल मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन श्वेता अग्रवाल ने किया। आयोजन की जिम्मेदारी में संयोजक रुचिका अग्रवाल और वाणी अग्रवाल ने भी सहयोग दिया।
डॉ. नेहा सिंह को मिली विद्या वारिधि की मानद उपाधि
बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र की पूर्व शोध छात्रा डॉ. नेहा सिंह को विद्या वारिधि की मानद उपाधि दी गई। मथुरा स्थित वृंदावन धाम के पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ ने उन्हें सम्मानित किया। मुख्य अतिथि और पद्मश्री से सम्मानित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. अरविंद कुमार और हिंदी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदु भूषण मिश्र ने समारोह की अध्यक्षता की। डॉ. नेहा सिंह को आठ किताबों के साथ-साथ वैदिक, पौराणिक और लोक विषयों पर आधारित उनकी कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन में दिए गए विशिष्ट योगदान के लिए यह मानद उपाधि दी गई।
क्विज में खुशी को पहला आराध्या को दूसरा स्थान
आर्य महिला पीजी कॉलेज में सोमवार को प्रश्नोत्तरी और वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्राचार्या रचना दूबे के निर्देशन में संस्कृत विभाग और संस्कृत अध्ययन केंद्र, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त सहयोग से वाल्मीकि रामायणाश्रित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. जया मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
क्विज के माध्यम से छात्राओं ने महर्षि वाल्मीकि के साहित्यिक योगदान और रामायण की महत्ता को बताया। वेशभूषा प्रतियोगिता में छात्राओं ने रामायण के विभिन्न पात्रों का वेश रख कर उनके चरित्र और आदर्श को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। क्विज में खुशी राणा पहला ,आराध्या त्रिपाठी ने दूसरा और साक्षी मिश्रा को तीसरा स्थान मिला।
निर्णायक मंडल में प्रो. नमिता सिन्हा, प्रो. भावना त्रिवेदी, प्रो. बिंदु लाहिड़ी और प्रो. सुचिता त्रिपाठी शामिल रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्या ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ पुष्पा त्रिपाठी ने दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ लगभग 200 छात्राएं उपस्थित रहीं।
बनारस घराने की परंपरा को जानेंगे बीएचयू के विद्यार्थी
वाराणसी। बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के नृत्य विभाग की ओर से पांच दिन तक चलने वाली कथक कार्यशाला सोमवार से शुरू हो गई। 30 अक्तूबर तक चलने वाली कार्यशाला में कथक नृत्य के बनारस घराने की समृद्ध परंपराओं, विशिष्ट विशेषताओं, तकनीकों एवं सौंदर्य बोध के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी।
शुभारंभ नृत्य विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. दीपान्विता सिंह राय सहित अन्य अतिथियों ने किया। विभागाध्यक्ष ने बताया कि कार्यशाला के प्रथम दो दिनों में बनारस घराने के प्रख्यात कथक नर्तक, गुरु पंडित मताप्रसाद मिश्र विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। वहीं, तीसरे एवं चौथे दिन बनारस घराने के प्रतिष्ठित गुरु पंडित रविशंकर मिश्र प्रशिक्षण सत्रों का संचालन करेंगे।
इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को बनारस घराने की विशिष्ट नृत्य तकनीकों, पारंपरिक नृत्य शैली एवं कलात्मक अभिव्यक्तियों की जानकारी प्राप्त होगी। बताया कि कार्यशाला में शोध छात्रों सहित कुल 100 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान प्रो. राजेश शाह, प्रो. प्रेम किशोर मिश्र, डॉ. विजय कपूर, डॉ. खिलेश्वरी पटेल, डॉ. चंदन विश्वकर्मा, श्रीराम मिश्र, सिद्धार्थ चक्रवर्ती आदि मौजूद रहे।
नाै यूरोपीय साहित्यकारों ने पढ़ीं अपनी कृतियां
अस्सी स्थित एलिस बोनर इंस्टीट्यूट में सोमवार को लॉन्ग नाइट ऑफ लिटरेचर्स 2026 के छठे संस्करण की शुरुआत की गई। यूरोप से आए नौ देशों के साहित्यकार ने अपनी कृतियों का पाठ किया। लेखकों ने अपनी मूल भाषा में काव्य व गद्य का वाचन किया। भारतीय मूल के विद्वान, शोधकर्ता और प्राध्यापक लेखक के साथ विषय पर परिचर्चा की।
एलिस बोनर इंस्टीट्यूट के निदेशक अनूप कुमार शर्मा ने बताया कि पहले दिन पुर्तगाल की डायना वी. अल्मीडा, फ्रांस के ओलिवियर लिरोन, स्लोवेनिया की अना स्वेतेल और ऑस्ट्रिया की डॉ. फ्रेडरिक गोसवेनर ने अपनी रचनाएं पढ़ी। दूसरे दिन जर्मनी के क्रिस्टोफर क्लोएबल, पोलैंड की मार्गी रेजमेर, इटली के एंटोनियो फ्रांकिनी, एस्टोनिया की लिली लूक और स्विट्जरलैंड के मार्को मिलाडिनोविक सत्रों का संचालन करेंगे।
यह कार्यक्रम यूरोपीय संघ के सांस्कृतिक संस्थानों, यूरोपीय दूतावासों की मदद से किया जा रहा है। यह वार्षिक अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव यूरोपीय और भारतीय साहित्यिक परंपराओं के बीच एक पुल जैसे काम करता है। यह आयोजन पाठकों और अंतरराष्ट्रीय लेखकों के बीच एक आत्मीय और सीधा संवाद स्थापित करेगा।
काशी में रोज बिक रहीं 80 इलेक्ट्रिक गाड़ियां
काशी की सड़कों पर पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक तकनीक वाले इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है। शहर के ऑटोमोबाइल बाजार में पेट्रोल-डीजल संचालित वाहनों की तुलना में ईवी की मांग में रिकॉर्ड उछाल देखा जा रहा है। वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में रोजाना औसतन 30 इलेक्ट्रिक कारें और 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर विक रहे हैं। त्योहारी सीजन के चलते मांग इतनी अधिक है कि ग्राहकों को अपनी पसंदीदा गाड़ी के लिए 20 से 25 दिनों तक का इंतजार करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के मुताबिक, कार बाजार में मारुति की इलेक्ट्रिक एसयूवी ई-विटेरा को लेकर जबरदस्त उत्साह है। आगामी धनतेरस और दीपावली के लिए अभी से ही बुकिंग चल रही है। शो रूम पर हर दिन 150 से अधिक इंक्वायरी आ रही है। वहीं, दोपहिया सेगमेंट में भी खरीदार अब सिर्फ किफायती मॉडल तक सीमित नहीं हैं। शहर में 1.5 लाख रुपये से लेकर 2.25 लाख रुपये तक की कीमत वाले प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री तेजी से बढ़ी है। एथर एनर्जी, ओला और टीवीएस आईक्यूब जैसी कंपनियों के हाई-स्पीड, लंबी रेंज और स्मार्ट फीचर्स (टीएफटी डिस्प्ले, नेविगेशन, क्रूज़ कंट्रोल) से लैस मॉडल्स सबसे ज्यादा बिक रहे हैं।
बिक्री बढ़ने के मुख्य कारण : राजीव गुप्ता बताते हैं कि पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दैनिक आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक वाहन सबसे किफायती विकल्प साबित हो रहे हैं। पेट्रोल संचालित दोपहिया वाहन जहां औसतन दो रुपये से 2.5 रुपये प्रति किलोमीटर का खर्च देते हैं, वहीं इलेक्ट्रिक दोपहिया महज 30 से 40 पैसे प्रति किलोमीटर में चलते हैं। ईवी नीति के तहत रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में मिल रही छूट ने खरीदारों को आर्थिक रूप से बड़ा फायदा पहुंचाया है। इससे गाड़ियों की ऑन-रोड कीमत काफी कम हो गई है।
ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री से बस सेवा शुरू करने की मांग की
राजातालाब क्षेत्र के बभनियाव गांव में ग्रामीणों ने गांव पहुंचे प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से जक्खिनी और शाहंशाहपुर होते हुए वाराणसी शहर तक सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। उनका कहना था कि बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों का शहर तक आवागमन आसान होगा। छात्र नेता एवं युवा समाजसेवी समीर सिंह विशाल ने गांव में मिले प्राचीन शिवलिंग वाले पुरातात्विक स्थल के संरक्षण और निर्माण कराने की भी मांग उठाई।
समीर सिंह विशाल ने बताया कि गांव में बीएचयू के पुरातत्व विभाग की ओर से कराई गई खोदाई में ईसा पूर्व काल के एकमुखी जटाधारी शिवलिंग मिले थे। उन्होंने इस पुरातात्विक स्थल को सुरक्षित रखने और वहां आवश्यक निर्माण कराने की मांग की। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में शासन को जल्द पत्र भेजेंगे। इस दौरान शिवपूजन सिंह, समीर सिंह विशाल, सार्थक सिंह, गौरव सिंह, शानू सिंह, वीरेंद्र पटेल, चंदन पाल, आशु सिंह और आनंद सिंह सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।
काशी में 50 दिनों तक कंठस्थ दंडक्रम पारायण
काशी के इतिहास में दूसरी बार चारों वेदों के एक हजार वर्षों के इतिहास में श्रीशुक्ल यजुर्वेद की माध्यन्दिन शाखा का कंठस्थ दंडक्रम पारायण होगा। सबसे कम उम्र यानी 13 वर्ष के शैलेंद्र समर्थ काकडे और 17 साल के महाराष्ट्र के वैदिक वेदोपासक अद्वैत मंगलवार से 50 दिनों तक पारायण करेंगे।
हनुमान घाट स्थित श्रीकांची कामकोटिश्वर मंदिर प्रांगण में रोज तीन घंटे पारायण होगा। कांचीपीठ के शंकराचार्य के साथ ही प्रतिदिन बाहर के वैदिक विद्वान भी इसमें शामिल होंगे। श्री कांची कामकोटि पीठ के प्रबंधक वीएस सुब्रह्मण्यम मणि और वैदिक विद्वान के वेंकटरमण घनपाठी ने सोमवार को मंदिर परिसर में पत्रकारों को बताया कि मूलाम्नाय श्री कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी शंकर विजयेंद्र सरस्वती और स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज की प्रेरणा से 27 अक्तूबर से 15 दिसंबर तक श्रीशुक्ल यजुर्वेद की माध्यन्दिन शाखा का कंठस्थ दंडक्रम पारायण होगा।
महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान पुणे और समर्थाद्वैत वेद पाठशाला त्र्यंबकेश्वर की ओर से यह अनुष्ठान होगा। उन्होंने बताया कि सबसे कम आयु के वैदिक वेदोपासक शैलेंद्र समर्थ काकड़े यह पारायण करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया गया है। संयोजक गजानन ज्योतकर, शैलेंद्र काकड़े और वीएस चंद्रशेखर चंद्रू होंगे।
बाबा विश्वनाथ का हुआ दीपमाला शृंगार
कार्तिक पूर्णिमा तक हर शाम सप्तऋषि आरती में बाबा विश्वनाथ का दीपमाला शृंगार किया जाएगा। सोमवार को बाबा को इस रूप में सजाकर आरती की गई। गर्भगृह में ज्योतिर्लिंग को चारों ओर से दीपों से सजाया गया। साथ ही बाबा पर कई तरह के फूलों की माला भी पहनाई गई। बाबा विश्वनाथ के सप्तऋषि आरती का इतिहास 750 साल से भी ज्यादा पुरानी है। माना जाता है कि हर शाम सप्तऋषि देवता की आरती करने आते हैं, इसलिए यह पूजा हर शाम 7 बजे की जाती है।
ओम बने विश्व सनातन संस्थानम् के अध्यक्ष
विश्व सनातन संस्थानम ने ओम प्रकाश यादव को अपना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को वाराणसी में उनके प्रथम काशी आगमन पर स्वागत हुआ। संस्थापक अध्यक्ष संतोष आचार्य ने आदि गुरु शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने पर जोर दिया।
भागवत कथा सुनने से मनुष्य के कई जन्मों के पापों का नाश होता है
चौबेपुर क्षेत्र के सोनबरसा गांव में चल रहे श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन सोमवार को कथा सुनने के लिए भीड़ उमड़ी। कथाव्यास संत दास महाराज ने वामन अवतार कथा का सार बताया। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया।
संतदास महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनने से मनुष्य के कई जन्मों के पापों का क्षय हो जाता है। उन्होंने कहा कि अहंकार, गर्व, घृणा और ईर्ष्या से मुक्त होने पर ही मनुष्य को ईश्वर की प्राप्ति होती है। भागवत भजन ही नरक से बचने का एकमात्र सरल तरीका है। मंगलवार को भगवान कृष्ण की बाल लीला, गोवर्धन पूजा और 56 भोग का वृत्तांत सुनाया जाएगा। कार्यक्रम में मुन्नू चौबे, प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पवन चौबे, राधेश्याम शुक्ला, राजू प्रजापति आदि माैजूद रहे।
चार दिवसीय महायज्ञ में 14 ने ली गुरु दीक्षा और 31 बच्चों का हुआ विद्यारंभ संस्कार
माता भगवती देवी जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार और प्रज्ञा एवं महिला मंडल कोनिया की ओर से चार दिवसीय प्रज्ञा पुराण कथा का समापन सोमवार को हुआ। अमरनाथ शिक्षण संस्थान कोनिया में दीप महायज्ञ, विविध संस्कार और पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ हुआ।
इस महायज्ञ में 501 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसमें 14 लोगों ने गुरु दीक्षा ली। 31 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार हुआ। दो बच्चों का नामकरण संस्कार हुआ, जिसमें एक बच्चे का नाम सोहम और दूसरे का शाश्वत रखा गया। डीके मिश्र ने गीत प्रस्तुत किए। राकेश कुमार ने ऑर्गन पर और मनोज कुमार ने नाल पर संगत की। कथाव्यास आचार्य आलोक रंजन मिश्र ने कहा कि धरती पर समस्याओं का कारण कुविचार, आपसी द्वेष और लालच है। गायत्री सदबुद्धि की देवी हैं। उनके जप से अच्छे विचारों का जन्म होता है और मनवांछित फल मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि यह भ्रांति कि महिलाओं को गायत्री जप नहीं करना चाहिए, यह गलत है। गायत्री देव माता, वेद माता और विश्व माता हैं। संयोजन ब्रिजेन्द्र मिश्र, राम कुमार दुबे, अमरनाथ सिंह, उमानाथ, जितेंद्र राय माैजूद रहे।
शंकराचार्य ने योगश्री अवॉर्ड विजेता अंजना त्रिपाठी का किया सम्मान
ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने सोमवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में योगाचार्या अंजना त्रिपाठी को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें दिल्ली में आयोजित योग शक्ति महोत्सव में मिला था। अंजना त्रिपाठी ने इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
उन्हें कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बीकेएस अयंगर योगश्री अवॉर्ड से नवाजा गया। उनके काशी लौटने पर शंकराचार्य ने उनको अंगवस्त्रम, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वैदिक परंपरा और भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का सदैव अपार आदर रहा है। अंजना त्रिपाठी को योगरत्न सम्मान, मिसेज योगिनी ऑफ इंडिया और स्वामी विवेकानंद योग आइकॉनिक अवाॅर्ड भी मिल चुके हैं।