आईआईटी बीएचयू में छऊ नृत्य और संतूर वादन से सामाजिक-सांस्कृतिक महोत्सव काशीयात्रा 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। बृहस्पतिवार की शाम स्वतंत्रता भवन में मुखौटा पहने कलाकारों ने मां काली का तांडव और देव नृत्य किया तो वहीं अंधेरे में लेजर लाइट से जादू-करतब के इल्यूजन शो ने दर्शकों के रोमांच और जोश को हाई कर दिया।
काशीयात्रा: मुखौटा पहन दिखाई मां काली की युद्धकला, जादुई शो में 100 का बना 200 रुपया; कला प्रेमी बने छात्र
Varanasi News: मां काली की युद्धकलाएं, पारंपरिक मुखौटों और पौराणिक कथानकों को मंच पर जीवंत किया। इस नृत्य ने भारत की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को दिखाकर टेक्नोसेवियों को भावविभोर भी किया।
संतूर ने भारतीयता के सुरों में पिरोया
संतूर वादक पंडित तरुण भट्टाचार्य ने कई शास्त्रीय धुनों को ऐसा छेड़ा कि तकनीक के छात्र और छात्राओं में संगीत कला प्रेम झलकने लगा। राष्ट्रीय तानसेन पुरस्कार (2025) और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित तरुण भट्टाचार्य की प्रस्तुति ने सभागार में बैठे दर्शकों भारतीयता के सुरों में पिरो दिया।
विजुअल इफेक्ट, लेजर और रोमांचक जादुई करतब
तीसरी प्रस्तुति लेकर आए इल्यूजनिस्ट राहुल खरबंदा ने दर्शकों को आधुनिकता और चकाचौंध भरी दुनिया इल्यूजन शो में प्रवेश कराया। विजुअल इफेक्ट, लेजर और रोमांचक जादुई करतब ने पूरे सभागार को हैरानी में डाल दिया। पलक झपकते ही राहुल के हाथ से पकड़ गया सामान आंखों से ओझल होता रहा और दर्शक तालियां बजाते रहे। कभी 100 रुपये के नोट को 200 रुपये का बना दिया। लाल रुमाल को अंडा बना दिया और ग्लास में फोड़ के भी दिखाया।
काशीयात्रा में शामिल हैं 1800 से ज्यादा टेक्नोसेवी
काशीयात्रा का औपचारिक उद्घाटन आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने किया। प्रो. पात्रा ने छात्रों से कहा कि काशीयात्रा केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि छात्रों में सृजनात्मकता, नवाचार और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ाने वाला एक सशक्त मंच है। प्रो. राजेश कुमार ने कहा कि काशीयात्रा 2026 में देश के कई शिक्षण संस्थानों से 1800 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
काशीयात्रा के बाकी इवेंट के प्रमुख कलाकार
ये कार्यक्रम 16, 17 और 18 जनवरी तक होगा। इंटरनेशनल कार्निवल होगा। इसमें प्रसिद्ध ग्रैफिटी कलाकार डॉ. टॉय और चर्चित सितार वादक सेप्पे सितार पर प्रस्तुति देंगे। 17 जनवरी को बॉलीवुड गायक मोहित चौहान और 18 को सूफी गायक-गीतकार बिस्मिल अपनी डीजे नाइट की दमदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर करेंगे।
नृत्य, क्विज, फैशन, मिराज समेत होंगे 15 से ज्यादा कार्यक्रम
महोत्सव में तीन दिनों तक अभिनय, बंदिश, क्रॉसविंड्स, एनक्विजिटा, मिराज, नटराज, संवाद, तूलिका और जायका जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें नाट्य, संगीत, नृत्य, क्विज़, फैशन, साहित्यिक कला, ललित कला एवं पाक-कला शामिल हैं। ये कार्यक्रम टेक्नो पैवेलियन, संस्थान परिसर, राजपुताना ग्राउंड, लेक्चर थिएटर (एलटी-3 और एलटी-4) और गोपाल त्रिपाठी ऑडिटोरियम में आयोजित होंगे।