उत्सवधर्मिता वाली काशी में बाबा विश्वनाथ धाम के लोकार्पण अवसर को पूरी दुनिया को दिखाने की तैयारी है। काशीपुराधिपति के भव्य दरबार के लोकार्पण पर दुनिया भर में बसे बाबा के भक्तों के लिए काशी की राह सुलभ की जाएगी। केंद्र और यूपी सरकार ‘चलो काशी’ के नारे के साथ काशी विश्वनाथ धाम के महाआयोजन का आगाज करेगी। इसके लिए सरकार की ओर से 10 और 13 दिसंबर की तिथि प्रस्तावित की गई है। पीएमओ की सहमति के बाद तिथि का फैसला हो जाएगा। देश के सभी देवालयों पर इस आयोजन का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा और सभी ज्योतिर्लिंगों के धर्माचार्यों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा विश्वनाथ का विशेष अभिषेक भी करेंगे।
काशी विश्वनाथ धाम: ज्योतिर्लिंगों के धर्माचार्यों की मौजूदगी में होगा बाबा का अभिषेक, पीएम के हाथों लोकार्पण के बाद दुनिया में छा जाएगा कॉरिडोर
केंद्र और राज्य सरकार 15 दिसंबर से रेल, बस सहित अन्य यातायात साधनों से बनारस की कनेक्टविटी को और मजबूत करेगी। जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को काशी आने में कोई असुविधा न हो। 50 हजार वर्ग मीटर में तैयार हुए काशी विश्वनाथ धाम का करीब 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है।
भारतीय संस्कृति व परंपरा से जुड़े देशों के राजदूत भी आएंगे
लोकार्पण के बाद कार्यक्रमों की श्रृंखला में भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े देशों के राजदूतों का सम्मेलन भी प्रस्तावित किया गया है। देश के सभी धर्माचार्यों का सम्मेलन, काशी विश्वनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास पर विद्वानों का सम्मेलन, इतिहासकारों का सम्मेलन, देश के सभी टूर ऑपरेटर्स का सम्मेलन, देश के सभी प्रमुख कारपोरेट, उद्योगपतियों का सम्मेलन, देश के वास्तुविदों का सम्मेलन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
29 से एक दिसंबर तक बंद हो सकता है गर्भगृह
काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह को 29 नवंबर से एक दिसंबर तक बंद करने की तैयारी है। इसमें 29 नवंबर को 24 घंटे के लिए, 30 नवंबर और एक दिसंबर को आंशिक बंद किया जाएगा। बताया जा रहा है कि पत्थर की घिसाई सहित कई काम भक्तों की आवाजाही से प्रभावित हैं। ऐसे में मंदिर में भक्तों के प्रवेश को रोककर इसे पूरा किया जाएगा। इस दौरान मंदिर के शिखर की सफाई और गर्भगृह के पास मरम्मत का काम भी किया जाएगा।
उत्सव में यह होंगे खास आयोजन
- देश के सभी प्रमुख शिवालय और देवालयों में भी होंगे खास अनुष्ठान
- लोकार्पण के साथ ही काशी विश्वनाथ धाम के गंगा तट पर आरती का शुभारंभ
- प्रतिदिन मंगला आरती, सत्संग, चर्चा, विमर्श के साथ परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम
- बाबा विश्वनाथ के प्रत्येक भक्तों के प्रसाद की भी होगी विशेष व्यवस्था
- काशी विश्वनाथ मंदिर में डिजिटल डोनेशन की व्यवस्था का शुभारंभ