जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के कृष्णानगर बाजार में गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने यूबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के भतीजे को गोली मार दी। उसके पैर, कंधे के पास छह गोली लगी है। बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूटने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा साथी गोमती नदी में कूदकर फरार हो गया।
घायल ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चंदवक-औड़िहार मार्ग को जाम कर दिया। एसपी, एएसपी सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। लोगों से वार्ता कर जाम समाप्त कराया।
अमिलिया सानी गांव निवासी अखिलेश यादव(22) कृष्णानगर बाजार में अपने चाचा अजय के साथ यूबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। गुरुवार की सुबह वह केंद्र पर पहुंचा और काउंटर पर बैग रखकर कैश निकाल रहा था, तभी पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश पहुंच गए। उन्होंने बैग छीनने की कोशिश की।
अखिलेश ने विरोध किया तो गोली मार दी। बदमाशों ने पैर, कंधे पर कुल छह गोली मारी। आवाज सुन आसपास के लोग पहुंच गए। खुद को घिरता देख बदमाश बैग छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। फोन पर मिली सूचना के आधार पर बड़वा गांव के लोग रास्ते पर खड़े हो गए। घेराबंदी देख बदमाश बाइक छोड़ गोमती नदी में कूद गए। ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा तैरकर भाग निकला।
भीड़ के आक्रोश को देखते हुए लोगों ने दोनों बदमाशों को पास स्थित मंदिर में बंद कर दिया। कुछ ही देर में सीओ रामभुवन यादव, केराकत कोतवाल बिंद कुमार, चंदवक थाने की पुलिस सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बदमाशों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। उधर, घटना से गुस्साए लोगों ने कृष्णानगर में चंदवक-औड़िहार मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी अशोक कुमार, एसपी सिटी डॉ.अनिल पांडेय ने लोगों से वार्ता की। बदमाशों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।