उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को देर शाम गंगा नदी में डूबी नाव से लापता पांच लोगों के शव को गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया है। इसमें एक किशोरी का शव रविवार शाम को बरामद कर लिया था। जबकि चार अन्य महिलाओं के शव सोमवार दोपहर को बरामद कर लिए गए।
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के महुजी में गंगा नदी में नाव डूबने से पांच लोग लापता हो गए थे। रविवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने दोपहर में ज्योति का शव गंगा से बाहर निकाला। जबकि बाकी चार लापता महिलाओं की तलाश एनडीआरएफ और गोताखोर कर रहे थे।
सोमवार को स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों की मदद से चार अन्य महिलाओं के शव गंगा से निकाल लिए गए। शव निकलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। लापता लोगों की तलाश के लिए वाराणसी और गोरखपुर की एनडीआरएफ की टीम सहित स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम गाजीपुर के धरम्मरपुर से आलू बीनकर घर लौट रही महिलाओं से भरी नाव महुंजी गांव के सामने गंगा में पलट गई थी। इसमें सवार करीब 40 लोगों में एक किशोरी समेत पांच महिलाएं गंगा में डूब गई थीं। इसकी जानकारी होते ही महुंजी, मुरलीपुर बिंदपुरवा गांव में हाहाकार मच गया था।
घटना के बाद आनन-फानन में लापता पांच लोगों की तलाश शुरू हुई। इसमें एक किशोरी ज्योति का शव बरामद हो गया था, जबकि चार लापता महिलाओं में उर्मिला पत्नी बीरबहादुर, ज्याति पुत्री विरेंद्र, मुरलीपुर निवासी फुलवासी पत्नी दूधनाथ और कविता पुत्री सजनू का शव भी सोमवार को महुंजी घाट के आसपास से गंगा नदी से बरामद कर लिया गया। शव बाहर आते ही परिवार वालों में चीख पुकार मच गई।