UP Accident: जौनपुर के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादपुर कोटिला गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर रविवार की सुबह भाजपा का स्टीकर लगी स्कॉर्पियो की चपेट में आकर बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने लगभग 45 मिनट तक सड़क पर हंगामा किया।
पुलिस के समझाने-बुझाने पर एक लेन छोड़कर दूसरे लेन पर जाम कर दिया। शव लेकर हाईवे की एक लेन पर प्रदर्शनकारी भीषण गर्मी में 44 डिग्री सेल्सियस के तापमान में बैठे रहे। तिरपाल लगाकर बैठे प्रदर्शनकारियों को समझाने में पुलिस के पसीनें छूट गए। किसी तरह 7 घंटे मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारी मानें और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई।
2 of 7
कड़ी धूप में तिरपाल लगाकर प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद
क्षेत्र के पट्टी दयाल गांव निवासी चंचल उर्फ अट्टू (46) अपने पड़ोसी विनोद उर्फ नारद (38) के साथ सुबह लगभग साढ़े छह बजे बाइक से बदलापुर की तरफ मजदूरी करने जा रहे थे। बाइक विनोद चला रहे थे। करीब सात बजे दोनों जैसे ही मुरादपुर कोटिला मोड़ के सामने पहुंचे कि वाराणसी की तरफ से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
3 of 7
चंचल उर्फ अट्टू की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
घटना में दोनों मजदूर गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद स्काॅर्पियो बगल में खड़ी मिक्चर मशीन से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी में बैठकर भाग निकले। उधर सूचना पर पहुंचे परिजन चंचल को सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन एंबुलेंस में रखते ही उसकी मौत हो गई।
वहीं उसके घायल साथी विनोद का उपचार एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने सैकड़ों लोगों के साथ पहुंचकर मृतक के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर एक लेन छोड़कर दूसरे पर शव रखकर पौने दो बजे तक प्रदर्शन करते रहे।
4 of 7
चक्काजाम में फंसे लोग।
- फोटो : संवाद
मृतक के परिजनों को समझाने में एसडीएम शिव प्रताप, सीओ सुनील चंद्र तिवारी, तहसीलदार योगेंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय सहित पूरे सर्किल की फोर्स लगी रही, तब जाकर परिजन पुलिस को शव देने को तैयार हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
5 of 7
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की कार्रवाई से नाराज थे प्रदर्शनकारी
मुरादपुर कोटिला गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों के बीच मृतक चंचल के बड़े भाई लालमणि का आरोप था कि पांच मई को सीएचसी में चिकित्सकों की लापरवाही से उनके घर की प्रसूता कुसुम की मौत हो गई थी, जहां पुलिस और स्वास्थ विभाग ने जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन 18 दिन बीत जाने के बाद भी लापरवाह चिकित्सकों पर कोई कार्रवाई न करते हुए लीपापोती कर दी गई। ठीक उसी प्रकार इस घटना में भी होगा। हमारी मांग है कि दोनों घटनाओं में कठोर कार्रवाई की जाए।