उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मेधावी छात्रों को इस सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को दिया गया। आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...।
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन नगर पालिका इंटर कॉलेज के वीर अब्दुल हमीद सभागार में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पीडीडीयू नगर के एसडीएम कुमार हर्ष मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।
हर्ष कुमार ने कहा कि अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले अपने आपको पहचानें और परखें, उसके बाद क्षेत्र का चयन करें। इससे वे आसानी से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही हर बार अपनी प्रतिभा को परखते हुए अभिभावकों और अध्यापकों के परामर्श से नए लक्ष्य तय करने होंगे। तभी छात्र सफलता के सोपान तय कर सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने 10वीं और 12वीं की यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2019 के जिले के टॉपरों और मेधावी 51 विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसडीएम कुमार हर्ष ने कहा कि हाईस्कूल और इंटर जीवन में प्रवेश करने और कैरियर बनाने का समय होता है। ऐसे में छात्रों को बहुत सोच समझ कर विषय का चयन करना होगा। रूचि के अनुसार विषय चयन कर उसके अध्ययन पर क्वालिटी टाइम देने की आवश्यकता है। कहा कि अमर उजाला के इस सम्मान से छात्रों का आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।