उत्तर प्रदेश के शामली में बत्तीसा खाप के गांव भैंसवाल में मंत्री, विधायकों एवं अन्य भाजपा नेताओं का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के खिलाफ नारेबाजी की।
यूपी के शामली में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का विरोध, खाप चौधरियों ने मिलने से किया इंकार
- केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के खिलाफ की नारेबाजी
- कुछ देर रुककर लौट गए भाजपा के मंत्री, विधायक और क्षेत्रीय अध्यक्ष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर एवं भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी गांव लिसाढ़ में गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक से मिले।
इसके बाद लांक थांबेदार राजवीर सिंह, शामली में बाबा धर्मवीर निर्वाल से मिलने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे बत्तीसा खाप के मुख्यालय गांव भैंसवाल में पहुंचे। वहां उदयवीर सिंह के मकान में थोड़ी बैठे ही थे कि बाहर ग्रामीण जमा हो गए।
ग्रामीणों ने डॉ. संजीव बालियान एवं भाजपा नेताओं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह देख भाजपा नेता वहां से जाने लगे। एक ग्रामीण की केंद्रीय राज्यमंत्री से बोलचाल भी हुई।
हंगामा बढ़ता देख भाजपा नेता अपने काफिले के साथ गांव से चले गए। बत्तीसा खाप चौधरी बाबा सूरजमल ने बताया कि भाजपा नेताओं को गांव में आना है, तो अपने पदों से इस्तीफा देकर आएं, नहीं तो उन्हें गांव में नहीं आने दिया जाएगा।
गांव निवासी सतवीर मूंछ ने बताया कि भाजपा नेता गृहमंत्री अमित शाह के कहने पर गांवों में आ रहे हैं। वे देश के किसानों के बारे में नहीं सोच रहे। यदि उन्हें बात करनी है तो दिल्ली बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों से बात करें।
विरोध करने वालों में कपिल, अश्विनी, सुशील, विकास, युवराज, शोकिंद्र, अनिल, हरिओम, मांगेराम, सुधीर, कमल वीर, हरिओम, समरपाल, अभिनव चौधरी आदि शामिल रहे। उधर, रविवार सुबह ही कुछ खाप चौधरियों ने भाजपा नेताओं से मिलने से इंकार कर दिया।
वीडियो जारी कर मिलने से किया इंकार
भभीसा निवासी बुड़ियान (जावला) खाप के बाबा सचिन चौधरी ने वीडियो जारी कर भाजपा नेताओं से मिलने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी भाजपा नेता उनसे मिलने न आए। जो भी बात करनी है किसान संयुक्त मोर्चा से करे। गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह बहावड़ी और कालखंडे खाप के चौधरी संजय कालखंडे भी भाजपा नेताओं से नहीं मिले।
बताया कि शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने उनसे कहा था कि भाजपा नेता मिलना चाहते हैं, लेकिन उनसे कह दिया गया कि यदि वे मिलना चाहते हैं तो अपने पदों से इस्तीफा देकर आएं। मंत्री और विधायक बनकर खाप चौधरियों से मिलने न आएं। कोई बात कहनी है तो किसान बनकर उनसे मिलें। बाबा संजय कालखंडे ने कहा कि भाजपा नेताओं को दिल्ली सीमा पर धरना दे रहे किसानों के बीच जाना चाहिए। उनके पास आने का कोई मतलब नहीं है।