छात्रों को जिन हाथों से लिख-पढ़कर बड़े-बड़े पदों पर जाकर देश की सेवा करनी चाहिए, वे उन्हीं हाथों से हथियार उठाकर बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही मामला बुधवार को सहारनपुर जिले में देखने को मिला। यहां हाईवे पर कुछ छात्रों ने 10वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। छात्र की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। बताया गया कि छात्र (वंश) अपने परिवार का इकलौता चिराग था।
घर का इकलौता चिराग था वंश: हाईवे पर दिनदहाड़े मर्डर, हत्या से मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल, देखें तस्वीरें
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी वंश (16) पुत्र जितेंद्र उर्फ बिल्लू कस्बे के ही गोचर कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे वंश दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर मदरलैंड स्कूल के पास खड़ा था। तभी, बाइक सवार दो युवकों ने वंश की गर्दन पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विशाल श्रीवास्तव मय फोर्स मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घर का इकलौता चिराग था वंश, मचा कोहराम
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी छात्र वंश के पिता जितेंद्र किसान हैं। वंश घर का इकलौता चिराग था। उसकी हत्या से जहां परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं मोहल्लेवासी भी गमजदा है। पूरे दिन छात्र के घर पर लोगों की भीड़ लगी रही।
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी वंश गोचर कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार को सुबह 11 बजे तक वंश घर पर ही मौजूद था, लेकिन उसके बाद वह घर से चला गया। इस बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं थी कि वंश कहां गया है। दोपहर एक बजे के करीब परिजनों को सूचना मिली कि वंश की दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर मदरलैंड पब्लिक स्कूल के पास गोली मारकर हत्या कर दी। इसका पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां अनीता का रो-रोककर बुरा हाल हो गया। परिजन और मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के चाचा देवेंद्र ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र की मौत से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज ली है। सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी में आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है।