पश्चिमी यूपी के जिलों में कोविड-19 का टीकाकरण शुरू हो गया है। सहारनपुर सहित सभी जिलों में ज्यादातर आज सुबह 10:30 बजे पहला टीका लगाया गया। इस दौरान अस्पतालों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि टीकाकरण के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे तस्वीरों में देखिए पश्चिमी यूपी के अस्पतालों में कैसी तैयारी की गई है।
2 of 6
अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जिला अस्पताल में सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने सबसे पहले खुद को टीका लगवाया। टीकाकरण कराने के बाद सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि अच्छा महसूस कर रहे हैं और किसी तरह की दिक्कत नहीं है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में पांच सेंटरों पर टीकाकरण शुरू हुआ है और सभी जगह सुचारू रूप से चल रहा है। जिला अस्पताल में कुछ आशा एवं आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ताओं में टीकाकरण को लेकर भ्रांति रही, वह टीका लगवाने तो पहुंची मगर भय बना रहा, उस वजह से डब्ल्यूएचओ की टीम ने उनको समझाया।
3 of 6
टीका लगवाने पहुंचे कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
बागपत, बड़ौत और पिलाना में टीकाकरण शुरू
कोरोना के खिलाफ जंग के लिए टीकाकरण अभियान बागपत जिले में शुरू हो गया। संयुक्त जिला चिकित्सालय बागपत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलाना से अभियान की शुरुआत हुई। डीएम शकुंतला गौतम, एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी मनीष मिश्रा ने जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिले में पहले दिन तीन सौ स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण होगा। वहीं सोमवार से जिले में दस केंद्रों पर अभियान की शुरुआत होगी। पहले चरण के लिए कुल पांच हजार 42 लोगों का जिले में चयन किया गया है।
4 of 6
टीकाकरण को लेकर अधिकारियों ने पूरी तैयारी की।
- फोटो : अमर उजाला
उधर, बिजनौर जिले में 10 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। पहले सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव ने बताया था कि नौ बजे टीकाकरण शुरू हो जाएगा, लेकिन टीकाकरण नौ की बजाए दस बजे शुरू हुआ। इस दौरान सीएमओ व अन्य अधिकारी डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसके निगम ने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए उद्घाटन का इंतजार किया।
5 of 6
टीका लगवाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
शामली की सीएचसी कुड़ाना में पहला टीका एएनएम बीना चौधरी को 10.30 बजे लगाया गया। डीएम जसजीत कौर ने जिला अस्पताल शामली में पहुंचकर टीकाकरण की जानकारी ली। इस दौरान डीएम, एसपी और सीएमओ समेत सभी अधिकारियों मे प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुना।