कोचिंग जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट की घटना को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रानीगंज इलाके हरिहरगंज बाजार बंद कर लोगों ने विरोध जताया और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस महकमा भी हरकत में आ गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा करते हुए स्थानीय लोगों से वारदात के बारे में पूछताछ की।
Pratapgarh : छात्रा से छेड़खानी के विरोध में बंद रहा बाजार, अधिकारियों ने लिया घटना स्थल का जायजा
रानीगंज इलाके में छात्रा के साथ मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को हरिहरगंज के नागरिकों ने दुकानें बंद कर नारे और स्लोगन लिखीं तख्तियों के साथ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सूचना पर बड़ी संख्या में फोर्स पहुंच गई।
आधा घंटे तक शोहदों के साथ संघर्ष करती रही छात्रा
घर से कोचिंग जा रही छात्रा को बृहस्पतिवार को संडौरा गांव के समीप कुछ युवकों ने रोककर दुष्कर्म का प्रयास किया था। उसे सुनसान स्थान पर घसीट कर ले जाने लगे तो छात्रा करीब आधा घंटे तक उन शोहदों से भिड़ी रही। जब शोर मचाया तो पकड़े जाने के डर से सभी भाग निकले। घायल छात्रा का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया। मामले मे दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।
इंटर की छात्रा कोचिंग पढ़ने साइकिल से रोज जाती है। परिजनों ने बताया कि कुछ युवक रास्ते दिखते थे लेकिन पहले कभी ऐसी दुस्साहस नहीं किया। बृहस्पतिवार को जब साइकिल के आगे आकर रोका तो छात्रा ने विरोध कर दिया। झगड़ने लगी उसे खींचकर सड़क से दूर ले जाने लगे। इस दौरान उसे मारापीटा।
जान जोखिम में देख छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों के आने के डर से मनचले धमकी देकर भाग निकले। हालांकि, मौके पर कोई छात्रा को बचाने सामने नहीं आया।
सूचना मिलने पर सीओ विनय प्रभाकर साहनी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस छात्रा को लेकर सीएचसी आई। सिर पर चोट अधिक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिवार की आर्थिक स्थित है नाजुक
मुफलिसी में पल रही छात्रा के सिर से पिता का साया उठ चुका है। दो बहनें और एक छोटा भाई है। भाई किसी दुकान पर काम करता है। पीड़ित छात्रा पढ़ाई को लेकर गंभीर है। रोजाना करीब सात किलोमीटर साइकिल से कोचिंग जाती है।
एएसपी ने पहुंचकर की पड़ताल
एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह प्रकरण की पड़ताल के लिए शाम पांच बजे रानीगंज थाने पहुंचे। दो युवक हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। कुछ अन्य संदिग्ध युवकों का भी पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
एंटी रोमियाे स्क्वाएड की सक्रियता पर भी सवाल
छात्राओं के साथ आए दिन हो रहीं छेड़खानी की घटनाएं एंटी रोमियो स्क्वाड पर भी सवाल खड़ा करती हैं। थाने के बीट चार्ट में बाकायदा इसके लिए रोज ड्यूटी भी लगती है। लेकिन घटनाएं हो ही जाती हैं।
कोचिंग पढ़ने निकली छात्रा के साथ सरेराह छेड़खानी होती रही। वह जूझती रही। एंटी रोमियो दस्ता उस वक्त कहां था, किसी को पता नहीं। घटना के कई घंटे बाद शाम तकरीबन छह बजे जब एएसपी पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह से इस संबंध में बात की गई तो उनके पास भी इस बात का जवाब नहीं था। उनका कहना था कि ड्यूटी स्कूल, कोचिंग, बैंक जैसे सार्वजनिक स्थलों पर लगाई जाती है। यह घटना रास्ते में हुई। फिर भी वह जानकारी कर रहे हैं कि ड्यूटी पर कौन था और कहां था।
पुलिस का किया गया घेराव
शनिवार को बाजार के लोगों ने पुलिस अधिकारियों का घेराव किया। लोगों ने अपनी दुकान बंद कर घटना के प्रति आक्रोश जाहिर किया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।