मुजफ्फरनगर में खतौली विधानसभा के उपचुनाव की बिसात बिछ चुकी है। यहां भाजपा और गठबंधन में सीधी टक्कर है। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत को लेकर बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंच से सपा और रालोद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की भी जनता से अपील की।
खतौली का दंगल: सीएम योगी ने मंच से सपा-रालोद पर किए ताबड़तोड़ हमले, पढ़ें-भाषण की पांच बड़ी बातें
तालिबान से की सपा शासन की तुलना
यहां मंच से जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि खतौली क्रांतिकारियों की धरती है। जब कवाल का बवाल हो रहा था, महीनों तक कर्फ्यू लगा था। तब लोकदल के नेता कहां थे। जब हजारों हिंदुओं को जेल भेज दिया गया। तब ये पूछने नहीं आए थे। सपा का शासन तालिबान जैसा था।
सबको साथ लेकर विकास के मार्ग पर अग्रसर है डबल इंजन की सरकार
डबल इंजन की सरकार जितना विकास कर रही है, उतना पचास साल में भी नहीं हुआ। हमारा संकल्प है सबका साथ, सबका विकास लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।
बोले-जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाएंगे
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का परचम कायम किया है। पहले राहगीरों की हत्या कर दी जाती थी। किसान खेत में जाने से डरते थे, बहनें और बेटियां खरीदारी के लिए नहीं जा पाती है। स्कूल-कॉलेज जाने से डरती थीं। अब बेटियां निडर हैं। कैराना में व्यापारी पलायन होने पर लोग मजबूर थे लेकिन अब पलायन नहीं हो रहा। अपराधी अपराध करने से डरते हैं। जो जिस भाषा में समझेगा, उसी भाषा में उसे समझाएंगे।
पहले होती थी गुंडा टैक्स की वसूली
सीएम योगी ने चौधरी चरणसिंह का जिक्र करते हुए कहा कि चौधरी साहब हमेशा गलत के खिलाफ खड़े रहे। कहा कि पहले गुंडा टैक्स की वसूली की जाती थी, अब कोई सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं कर सकता।
उन्होंने विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी देवी को वोट देकर विजयी बनाने का आह्वान किया। कहा कि राजकुमारी देवी प्रधान पति के जेल में होने के बावजूद कवाल कांड के दौरान अपने मूल्यों को बरकार रखते हुए डटी रहीं।