उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर निवासी सेना के जवान कार्तिक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और मंगलवार सुबह से ही सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। वहीं माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्तिक पूरे परिवार का सहारा था लेकिन अब वह दुनिया में नहीं रहा। ऐसे में पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, बेटे की मौत से पिता सदमे है और हर कोई उन्हें संभालने की कोशिश कर रहा है। चार साल पहले ही कार्तिक की सेना में नौकरी लगी थी। वह पहले कंप्यूटर सेंटर चलाता था, जिसे अब कार्तिक के पिता योगेंद्र सिंह और छोटा भाई मुकुल चलाता था।
गमगीन माहौल: सेना के जवान के घर मातम, नहीं थम रहे पिता के आंसू, परिवार का सहारा था कार्तिक
छह आरोपी दबोचे
कार्तिक की हत्या के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने छह आरोपियों को दबोच लिया है। मंगलवार को कांवड़ियों के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया था। जिसके बाद कार्तिक पुत्र पवन निवासी गांव सिसौली जिला मुजफ्फरनगर की मौत हो गई थी।
ये छह आरोपी हुए गिरफ्तार
1. रिंकू पुत्र रमेश उम्र 24 वर्ष
2. राहुल पुत्र पहल सिंह उम्र 20 वर्ष
3. सुंदर पुत्र रामभज उम्र 38 वर्ष
4. सचिन पुत्र महिपाल उम्र 25 वर्ष
5. पंकज पुत्र मेनपाल उम्र 22 वर्ष
6. आकाश पुत्र विजेंद्र उम्र 21 वर्ष
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
सेना के जवान कार्तिक का मंगलवार की शाम को सैनिक सम्मान के साथ कार्तिक का अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने मातमी धुन बजाकर अंतिम विदाई दी। उधर, भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने भी श्रद्धांजलि दी।
थाने में हुआ था हंगामा, चाचा ने दर्ज कराया था मुकदमा
कार्तिक की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने रुड़की सिविल लाइन थाने में जमकर हंगामा किया था। इस दौरान कार्तिक के चाचा ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद उत्तराखंड़ पुलिस ने बुधवार को छह आरोपियों को दबोच लिया।