विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से 50 लाख की फिरौती के लिए बालक का अपहरण करने वाले हिस्ट्रीशीटर ने लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल गमछे से प्रिंस का गला दबाकर हत्या कर दिया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने बुधवार की सुबह कुशियरा जंगल में शव को ठिकाने लगाने जा रहे हत्यारोपी पिन्टू उर्फ शैलेंद्र को पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा। मुठभेड़ में हत्यारोपी के दोनों पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया।
यूपी: अपहरण से अनजान था प्रिंस, रोने लगा तो पीटा फिर दबाया गला, पुलिस पर सवाल; सुरक्षा में अंतिम संस्कार
विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी बालक प्रिंस का 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण कर गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने सोमवार शाम चार बजे बाइक चलाना सिखाने के बहाने बालक को अगवा किया था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी केशव प्रसाद बिंद मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर घर के पास ही चाय-पान नाश्ता की दुकान चलाता है। उसकी दुकान पर पिन्टू उर्फ शैलेंद्र चार-पांच दिन से आता था। पारिवारिक हाल चाल लेता रहा। सोमवार को शाम चार बजे केशव प्रसाद के इकलौते पुत्र प्रिंस बिंद (12) को बाइक चलाना सिखाने की लालच दिया। उसे बाइक पर आगे बैठा कर बिहसड़ा बाजार की ओर चला गया।
रात नौ बजे तक परिजन इंतजार करते रहे। न आने पर खोजबिन करने लगे। लेकिन कोई पता न चलने पर चिन्ता बढ़ने लगी तो 112 पीआरवी व और विंध्याचल थाना में सूचना दिया। तहरीर मिलने पर पुलिस अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई। परिजन आरोपी के मोबाइल पर फोन कर संपर्क कर रहे थे।
आरोपी ने केशव के साले आदित्य से बात करने पर 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान सूचना मिली की आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है।
बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तार के लिए बुधवार की सुबह पुलिस विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग करने लगी। तो पिंटू लालगंज के तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। उसे रोकने का प्रयास किया गया तो अपनी बाइक कुशियरा जंगल की तरफ मोड़कर कुछ दुरी के बाद गाड़ी छोड़कर जंगल में चला गया।
पुलिस ने पीछा किया तो वह जान मारने की नियत से फायर करने लगा। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ सीमित जवाबी फायरिंग की गई। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी। आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र निवासी परसिया कामापुर थाना विंध्याचल से पूछताछ किया गया तो बताया कि वह पैसा लेने के लिए प्रिंस का अपहरण कर लिया था। अपहरण वाले दिन ही शाम को साढ़े छह बजे कुशियरा जंगल में गला दबाकर मार दिए थे। बुधवार को शव को छिपाने के लिए जा रहा था। तो पकड़ा गया। उसके पास से एक तमंचा, दो खोखा, एक कारतूस व बाइक बरामद हुआ है।
आरोपी से पूछताछ के बाद जंगल से बालक का शव बरामद किया। गमछे से बालक का गला कसकर हत्या कर दिया गया था। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह साढ़े सात बजे प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। काफी संख्या में कई थानों फोर्स पहुंची। चार घंटा बाद जाम समाप्त कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने रहकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
हत्यारोपी पिंटू पर दर्ज हैं 17 आपराधिक मुकदमें
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हत्यारोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र पुत्र मताम्बर उर्फ लुद्दुर निवासी पड़ैनिया कामापुर थाना विंध्याचल का आपराधिक इतिहास लंबा है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपी पिंटू के खिलाफ मिर्जापुर, रायबरेली और प्रयागराज के विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमें दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2004 में लालगंज थाने में चोरी और विंध्याचल थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था।
वर्ष 2008 में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा लूट, धोखाधड़ी, मारपीट और गबन के मामले भी दर्ज हैं। वर्ष 2014 में विंध्याचल थाने में हत्या, साक्ष्य छिपाने, आपराधिक साजिश और चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 में प्रयागराज के हंडिया थाने में हत्या, अपहरण और साक्ष्य छिपाने से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी पर 2004 से 2026 तक 17 मुकदमें दर्ज है।