मेरठ में भी चमका था युवराज सिंह का बल्ला, बुखार में भी खेला था शानदार मैच
युवराज ने पियूष चावला की गेंद पर छक्का लगाया था, जिसे देखकर दर्शक झूम उठे थे। गेंद स्टेडियम से बाहर जाकर गिरी थी। यह मैच रणजी मैच भामाशाह मैदान में यूपी व पंजाब के बीच खेला गया था। बीमार होने के बावजूद युवराज ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्द्धशतक पूरा किया था। प्रवीण कुमार ने 52 रन के स्कोर पर युवी को बोल्ड किया था।
भामाशाह पार्क में पंजाब की ओर से रणजी मैच खेलने आये युवराज सिंह की पारी आज भी प्रशंसकों को याद है। भामाशाह पार्क के पिच क्यूरेटर रविंद्र चौहान ने बताया बीमार होने के बावजूद युवराज ने शानदार बल्लेबाजी की।
युवराज ने 52 रनों की पारी खेली। प्रवीण कुमार और भुवनेश्वर कुमार भी यूपी की ओर से मुख्य गेंदबाजों में शामिल थे। पंजाब व यूपी के बीच यह रणजी सुपर लीग मैच ड्रॉ हुआ।
युवराज के मैनेजर मेरठ के अनीश गौतम थे। बुखार और गला खराब होने के कारण युवराज बाहर का खाना नहीं खा रहे थे। उनके मैनेजर अनीश गौतम ने अपने घर से खाना बनवाकर लाए। कोच संजय रस्तोगी ने बताया बीमारी के कारण युवराज ज्यादा खुलकर बातें तो नहीं कर रहे थे। अभ्यास के दौरान वह अकेले ही रहना पसंद करते थे।