पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई दिन से लगातार हो रही बारिश से बुधवार को पूरी तरह राहत मिली। मेरठ में सौ घंटे बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए तो लोगों के चेहरे खिल उठे। शुक्रवार सुबह से मंगलवार दोपहर तक 232.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आज से मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश से वेस्ट यूपी में सब्जी और धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं सुबह के समय कोहरे का असर भी दिखाई दिया।
Weather: सुबह कोहरा, दिन में खिली धूप, आज से साफ रहेगा मौसम, धान-सब्जी की फसल को 40 प्रतिशत का नुकसान
धान और सब्जी की फसल को 40 प्रतिशत का नुकसान
बारिश के कारण सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ा है। धान की फसल खेतों में ही बर्बाद हो गई। तेज हवाओं व बारिश के चलते खड़ी फसल गिर गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के संयुक्त निदेशक प्रसार डॉ. सतेंद्र कुमार खारी ने बताया कि वेस्ट यूपी में धान की फसल को 40 प्रतिशत नुकसान हुआ है।
डॉ. सतेंद्र के अनुसार बहुत से किसानों की फसल कटकर सूखने के लिए खेतों में पड़ी थी, जो बारिश के कारण नष्ट हो गई। आलू की अगेती फसल को 10 प्रतिशत नुकसान हुआ है। जिन किसानों ने मटर की अगेती बुवाई की थी, वह बीज बारिश के चलते खराब हो गया। अगस्त में बोई गई गाजर की फसल को 40 प्रतिशत नुकसान हुआ है। गोभी, पालक, मैथी में 30 से 35 प्रतिशत नुकसान हुआ है। गन्ने व फूलों की खेती भी प्रभावित हुई है।
फसलों में भारी नुकसान, मुश्किल में किसान
बारिश से धान व सब्जी की फसलों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। अगेती फसल बुवाई भी प्रभावित हो रही है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि भारी वर्षा से धान व गन्ने की फसल भी गिर गई है। गोभी, धनिया, पालक, मूली की फसल को भी क्षति हुई है।
वर्ष अक्तूबर माह मेें बारिश
1980 32.6
1981 11.6
1984 10.7
1988 11.9
1990 16.5
1996 33.0
1997 75.0
1998 30.0
1999 21.0
2003 21.7
2004 51.0
2009 2.0
2013 0.4
2014 2.1
2016 1.2
2018 4.0
2019 22.9
2022 127.0
नोट- 1980 से 2022 तक जिन वर्षों के आंकड़े नहीं लिखे गए हैं, उनमें बारिश शून्य दर्ज की गई। आंकड़े मौसम कार्यालय से प्राप्त हुए।