मेरठ के डिफेंस एन्क्लेव में दिनदहाड़े हुई वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। हिस्ट्रीशीटर आदित्य प्रधान ने 12वीं की छात्रा अनुष्का को तीन गोलियां मार दीं और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। अब पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खूनी वारदात की एक बड़ी वजह छात्रा के शरीर पर बना 'आर्यन' नाम का टैटू था। इसी टैटू को देखकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और कुछ ही मिनटों में मामला गोलियों तक पहुंच गया।
2 of 6
मौके पर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
टैटू देखकर भड़का आदित्य, बरसा दीं गोलियां
पुलिस के अनुसार, आदित्य ने अनुष्का को मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान उसकी नजर छात्रा के शरीर पर बने 'आर्यन' नाम के टैटू पर पड़ी। इसे लेकर दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आदित्य ने पिस्टल निकालकर अनुष्का पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। इसके तुरंत बाद उसने खुद के सीने में दो गोलियां मारकर आत्महत्या कर ली।
3 of 6
छात्रा को गोली मारी, आदित्य आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
छात्रा की हालत गंभीर, पेट से निकलीं दो गोलियां
गोली लगने के बाद अनुष्का को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसका इलाज सुभारती अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से दो गोलियां निकाल दी हैं, जबकि सिर में लगी गोली के कारण आगे न्यूरो सर्जरी की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर आदित्य के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
4 of 6
छात्रा को गोली मारी, आदित्य आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
हथियार किसने दिए? पुलिस को मिला बड़ा सुराग
जांच में खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल दोनों अवैध पिस्टल आदित्य को लिसाड़ी गांव निवासी शावेज उर्फ शेरा ने उपलब्ध कराई थीं। शावेज पहले भी हथियार तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और आदित्य का पुराना साथी रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मौके से बरामद दोनों पिस्टलों की भी जांच की जा रही है।
5 of 6
अविनाश पांडेय, एसएसपी मेरठ
- फोटो : अमर उजाला
हिस्ट्रीशीटर था आदित्य, छह से ज्यादा मुकदमे दर्ज
आदित्य प्रधान कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, हथियार तस्करी, लूट और अन्य गंभीर मामलों समेत छह से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2023 में उस पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हुई थी। 16 जून को वह जमानत पर जेल से बाहर आया था और तभी से लगातार अनुष्का से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब दोनों की कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।