मेरठ जनपद में पुलिस ने प्रदीप शर्मा की हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या की पटकथा 12 सितंबर को रची गई थी। प्रदीप की पत्नी नीतू ने रात में शूटर समीर को अपने घर में सुलाया और सुबह पिस्टल देकर बोली कि बचना नहीं चाहिए। समीर और मनीष ने वारदात के समय भावनपुर से लूटी गई बाइक का इस्तेमाल किया। दावा है कि हत्या की साजिश में नीतू और उसका दोस्त अनित कुमार एवं ममेरा भाई दीपांशु शामिल है।
खौफनाक: रात में शूटर को घर में सुलाया, सुबह हाथ में थमाई पिस्टल, बोली- बच न जाए पति, कातिलों ने उगला पूरा सच
मुठभेड़ में घायल समीर ने पूछताछ में बताया कि वह नीतू के मकान में छह माह पहले तक किरायेदार रहा है। आरोप है कि प्रदीप शराब पीकर आते थे और नीतू की पिटाई करते थे। नीतू के यहां किठौर के खेड़की गांव निवासी अनित कुमार का आना-जाना था। नीतू ने दो माह पहले अनित और समीर को अपने घर बुलाया। कहां कि तुम लोग प्रदीप को मार दो, मैं तुम्हें 1.50 लाख रुपये दे दूंगी। प्रदीप और उसके पिता जमीन बेच रहे हैं। उसका कोई पैसा मुझे नहीं मिल रहा।
प्रदीप की हत्या के लिए नीतू बार-बार अनित को कॉल करती थी। 12 सितंबर को नीतू के घर पर अनित, दीपांशु, समीर और मनीष की मीटिंग में हत्या की पूरी पटकथा रची गई। शूटर समीर और मनीष ने दो दिन प्रदीप की रेकी की। मंगलवार रात समीर नीतू के घर पहुंचा और वहीं सोया। सुबह सात बजे मनीष भी नीतू के घर पहुंचा। दोनों ने चाय-नाश्ता किया और चले गए। नीतू ने फोन करके प्रदीप को बुलाया। प्रदीप पत्नी से बातचीत करने के बाद जैसे ही घर के बाहर खड़ी कार के पास पहुंचा। तभी शूटर मनीष ने उसको तीन गोली मारी और समीर के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। समीर और नीतू के पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं।
30 हजार एडवांस देकर बोली- काम तमाम होते ही मिल जाएंगे 1.20 लाख
पुलिस का दावा है कि नीतू ने समीर से कहा कि वह प्रदीप से बहुत दुखी है। उसने 30 हजार रुपये एडवांस दिए और कहा कि 1.20 लाख रुपये हत्या के 15 मिनट बाद ही पहुंच जाएंगे। नीतू ने दीपांशु को स्कूल भेज दिया और उसके पास 1500 रुपये भी पहुंचाए।
भावनपुर में युवक को बंधक बनाकर बाइक लूटी
हत्या की प्लानिंग के बाद 12 सितंबर को ही समीर और मनीष ने भावनपुर से बाइक लूटी। समीर ने अपने गांव गेसूपुर स्थित टंकी के पास युवक को बंधक बनाकर यह वारदात की थी। इसका मुकदमा भावनपुर थाने में दर्ज है। समीर के खिलाफ भावनपुर थाने में पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि मनीष का आपराधिक रिकॉर्ड अभी पुलिस को नहीं मिला। वहीं नीतू का दोस्त अनित किठौर के खेड़की गांव का रहने वाला है।