तेरह और चौदह साल की उम्र के दो किशोरों ने पहले नशा किया और फिर अपने दोस्त अशरफ की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जलाने का प्रयास किया। दोनों आरोपी वारदात के बाद 24 घंटे में ही पकड़े गए। पूछताछ में दोनों ने कोई पछतावा न होना बताया। यही बोले कि अशरफ ने हमें गाली दी थी तो हमने उसे ईंट से कुचलकर मार डाला था। मेरठ के बुढ़ाना गेट चैकी के पास हुई युवक की हत्या के बाद आरोपियों ने पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे किए
अशरफ ने गाली दी... हमने ईंट से कुचल डाला, नशे में चूर होकर किशोरों ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि अशरफ दोनों दोस्तों के साथ रात-दिन रहता था और नशा भी करता था। दोनों किशोरों के दिमाग में क्या चल रहा था, नहीं जानता था। उनके परिजन और लोग भी तीनों को नशे का आदी बताकर बात नहीं करते थे।
दोनों आरोपियों ने घटना को योजना के अनुसार ही बेखौफ होकर अंजाम दिया। बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पास खाली प्लॉट में हत्या जैसी संगीन वारदात करने के बाद आसानी से वहां से निकल गए।
नशा करके की घटना
पुलिस के अनुसार तीनों किशोर नशा करने के साथ ही चोरी की वारदात भी कर लेते थे। अशरफ की हत्या भी दोनों किशोरों ने नशा करने के बाद ही की। इस तरह की वारदात पहले भी हो चुकी हैं। देहलीगेट थाने के पास तीन साल पहले दो किशोरों ने दस साल के अदनान की हत्या की थी और शव को तीसरी मंजिल से बोरे में बांधकर नाले में फेंक आए थे।
शहर में बढ़ता नशे का कारोबार
शास्त्रीनगर, जागृति विहार, आबूलेन, सदर बाजार, साकेत समेत शहर के कई पॉश इलाकों में नशे का कारोबार हो रहा है। शास्त्रीनगर के हुक्का बार में किशोर के सिगरेट और शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसके साथ किशोरियां भी थीं। कंकरखेड़ा में भी नशे का सामान खुलकर बेचा जाता है।
किशोरों को नशे का सामान कहां से मिलता है, इसकी जांच पड़ताल के बाद भी पुलिस ने कोई अभियान नहीं चलाया। बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पास किशोर अशरफ की हत्या भी नशे में किशोरों ने की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अशरफ को भी उन्होंने नशा कराया था। जिसके बाद वह बेहोश हुआ और फिर ईंट से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।