मेरठ में कबाड़ी बाजार स्थित रेडलाइट एरिया में स्थित कोठों पर पुलिस के ताले लगे हैं। पुलिस के अनुसार यहां से सभी सेक्स वर्कर दिल्ली के रेड लाइट एरिया में शिफ्ट हो गईं, लेकिन शहर भर के अलग- अलग स्थानों पर छापेमारी में देह व्यापार में लिप्त महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद कुछ और ही हकीकत सामने आ रही है। अगली स्लाइडों में जानिए पूरा अपडेट:-
मेरठ के रेड लाइट एरिया से दिल्ली शिफ्ट नहीं हुई चार सौ सेक्स वर्कर, रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
एक तरफ रेड लाइट एरिया से लड़कियों को रेस्क्यू करने वाली दिल्ली की एक टीम गुपचुप तरीके से कोठों से निकली लड़कियों की तलाश करने में जुटी है। वहीं खुफिया विभाग की चौंकाने वाली रिपोर्ट भी सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार कबाड़ी बाजार के कोठों से निकलने वाली सेक्स वर्कर शहर के कई पॉश इलाकों में किराये पर मकान लेकर रह रही हैं जहां पर उनका धंधा चल रहा है।
इसके चलते पॉश इलाकों का माहौल दिनोंदिन खराब होता जा रहा है। जिसका सोसाइटी पर बहुत खराब असर पड़ने लगा है। इसका ताजा उदाहरण है कि एएचटीयू ने हाल में ही कई घरों में छापेमारी कर कई लड़कियां को रेस्क्यू कराया है।
बुधवार को भी इसी तरह एचटीयू टीम ने मेरठ के एक होटल में छापेमारी कर एक सेक्स वर्कर को गिरफ्तार कर लिया। देह व्यापार में लिप्त महिला के साथ पांच युवकों को भी होटल से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी को एचटीयू थाना लेकर पहुंची है जहां इनसे पूछताछ की जा रही है।
कहां गई सेक्स वर्कर, नहीं ली सुध
मेरठ रेड लाइट एरिया में हाईकोर्ट में सौंपी गई रिपोर्ट के मुताबिक 400 सेक्स वर्कर थी, जिनके 75 कोठे बताए थे। हाईकोर्ट के आदेश पर हाल में रेडलाइट एरिया में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई हुई। 57 कोठों पर पुलिस ने सील लगा दी। पुलिस की कार्रवाई से पहले कोठों से सेक्स वर्कर गायब हो गईं। सवाल बड़ा है कि आखिर सेक्स वर्कर कहां गईं, इसकी सुध लेना भी पुलिस प्रशासन ने मुनासिब नहीं समझा।
पॉश इलाके में हो गईं शिफ्ट
रेडलाइट एरिया से सेक्स वर्करों को हटाया, यह वाकई सराहनीय काम था। लेकिन अधिकांश सेक्स वर्कर शहर के पॉश इलाकों में शिफ्ट हो गई हैं, जोकि सोसाइटी के लिए बहुत गलत है। पुलिस के मुताबिक शास्त्रीनगर, गंगानगर, माधवपुरम समेत कई जगहों पर किराये का मकान लेकर यह सेक्स वर्कर रहने लगी हैं। मोबाइल से कॉल करके ग्राहकों को पॉश इलाके में बुलाया जा रहा है। जिसका खराब मैसेज सोसाइटी में जा रहा है।