मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में 250 गज जमीन के विवाद में सड़क पर सरेआम साजिद की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शहजाद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस हमलावर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह पर ताबड़तोड़ दबिश देती रही। अब तक पुलिस ने एक ही आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि महिला सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच साजिद के शव को सोमवार को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई कि उन्हें इंसाफ दिलवाया जाए।
साजिद हत्याकांड: चाचाओं ने ढाई मिनट में 22 बार भतीजे पर किए वार, मुख्य आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित
रिपोर्ट में खुलासा, 22 बार किए साजिद पर वार
साजिद की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट के मुताबिक शहजाद ने साजिद पर 22 बार वार कर मौत के घाट उतारा था। साजिद के शरीर पर 22 निशान मिले हैं। सबसे ज्यादा वार पेट पर फिर गले पर किए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट विवेचक को दे दी है। एसएसपी ने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ब्रह्मपुरी थाने में भेज दी है।
सोमवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में साजिद का शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इससे पहले रविवार देर रात वीडियोग्राफी के साथ उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया। इस घटना के मद्दनेजर सोमवार को भी लिसाड़ीगेट में आधा दिन क्षेत्र का बाजार बंद रहा। दिनदहाड़े हत्याकांड से गुस्साए अधिकतर व्यापारियों ने आधे दिन बाजार बंद रखा। दोपहर बाद ही उन्होंने अपनी दुकान खोलीं।
वारदात के दौरान कई दुकानों के गिरे शटर
दिनदहाड़े साजिद पर चाकू से वारदात करते देखकर कई दुकान के शटर गिर गए। वारदात को होते देखकर कई वाहन सवार लोगों ने वाहन दौड़ा लिए। करीब 15 मिनट साजिद खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। हत्यारोपियों ने कई बार साजिद पर हमला किया।
बीच सड़क पर मंजर देखकर महिलाए हुईं बेहोश
साजिद की हत्या का मंजर देखकर कई महिलाएं बेहोश होकर सड़क पर गिर गईं। राहगीरों में आधे घंटे तक अफरा तफरी मची रही। इस खौफनाक मंजर को देखकर लोगो में दहशत रही। हत्या का वीडियो वायरल होने के बाद शहर में दिनभर चर्चा होती रही।