उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शिवालिक की पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सोमवार सुबह बरसाती नदियां भी उफान पर आ गईं। क्षेत्र की अधिकांश बरसाती नदियां पानी से लबालब हो गईं।
नदियां उफान पर, सहारनपुर में 20 गांवों का संपर्क कटा, कंधे पर बाइक व बकरे उठाने को मजबूर हुए लोग
रविवार देर रात करीब तीन बजे शिवालिक की पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्र में बारिश शुरू हुई। लगातार भारी बारिश के चलते सोमवार सुबह करीब 6 बजे शिवालिक की पहाड़ियों से निकलने वाली क्षेत्र की सभी बरसाती नदियां पानी से लबालब हो गईं।
सीजन में पहली बार नदियों में इतना पानी आया है। नदियों से घिरे सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी समेत करीब 20 से अधिक गांवों का करीब सात घंटे तक तहसील एवं जनपद मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। दोपहर बाद पानी कम होने के बाद ही लोग गांव से बाहर आ-जा सके।
दोपहर एक बजे तक नदियां पूरे उफान पर रहीं, जिससे नदियों से घिरे क्षेत्र जसमौर, शाहपुर, हुसैन मलकपुर, सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी, जैतपुर खुर्द, बाकरपुर, जैतपुर कलां मुर्तजापुर, मगनपुरा आदि 20 से अधिक गांवों का संपर्क बाकी जिले से कटा रहा।
बेहट-शाकंभरी देवी एवं बेहट-बिहारीगढ़ रूट भी दोपहर तक बंद रहे। नदियों के किनारे की फसलें भी जलमग्न हो गईं। कुछ स्थानों पर भूमि कटान भी हुआ है।
पेयजल पाइपलाइन भी हुई क्षतिग्रस्त
बादशाहीबाग में पेयजल समूह योजना के कुएं से मगनपुरा समेत कई गांवों को पेयजल की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई हुई है। पाइपलाइन का कुछ हिस्सा बरसाती नदी में है। सोमवार को आए नदी में तेज बहाव के कारण पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस पाइपलाइन से मगनपुरा और आसपास के जिन गांवों में पेयजल की आपूर्ति होती थी, वह भी बाधित हो गई। करीब एक महीना पहले ही पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य भी कराया गया था। अब फिर से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है।
बाइक को उठाकर की नदी पार
बरसाती नदी में उफान के कारण सबसे ज्यादा गांव शाहपुर और हुसैनमलकपुर के लोग प्रभावित हुए। गांव का संपर्क मार्ग कटने पर लोग नदी के एक छोर पर खड़े होकर पानी उतरने का इंतजार करते रहे। वहीं, कुछ युवक बाइक को कंधे पर उठाकर भी नदी पार करते दिखाई दिए।