मुजफ्फरनगर में देर रात स्टेट हाइवे पर भीषण हादसा हुआ। बिहार के गोपालगंज जिला निवासी मजदूरों का एक समूह पंजाब से निकलकर सहारनपुर मुजफफरनगर के रास्ते होते हुए अपने घर जा रहा था कि मौत ने झपट्टा मार दिया। छह की मौके पर मौत हो गई जबकि चार गंभीर घायल हो गए। मजदूरों को शायद ही इस बात की भनक हो कि यह यात्रा उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी। आगे जानें इस भीषण हादसे की पूरी दास्तां:-
हृदय विदारक था हादसे का मंजर: खून से सनी चप्पलें, बिस्किट और पाॅलिथिन से झांकती पूड़ियां कह रही थीं मौत की दास्तां
पंजाब से चलकर रास्ते भर न जाने कितनी मुसीबतें कूटकर मजदूर अपने घर जा रहे थे कि काल बनकर आई रोडवेज बस ने छह मजदूरों को पलक झपकते ही मौत की नींद सुला दिया। घटनास्थल पर बिखरी चप्पलें, बिस्किट के पैकेट और रास्ते में खाने के लिए साथ रखीगई पूड़ियां ये बताने के लिए काफी थीं कि मजदूरों ने कितनी मुसीबतों को झेलकर यहां तक पहुंचे थे।
दरअसल, बिहार के सैंकड़ो मजदूर पंजाब में मजदूरी करते हैं। लाॅकडाउन के बाद से कुछ मजूदर वहीं फंसे रहे गए। रोजी रोटी का संकट आया तो अपना घर यादा आया। नतीजन मजदूरों ने पैदल सफर करने का निर्णय लिया।
दर्जनभर मजदूर अपनी जरूरत का सामान लेकर पैदल ही निकल पड़े। जैसे-तैसे सफर-दर-सफर सहारनपुर से मुजफरनगर होते हुए वह आगे बढ रहे थे कि रोहाना टोल प्लाजा के नजदीक एक रोडवेज बस मजदूरों का काल बनकर आ गई। तेज रफ़्तार रोडवेज ने छह मजदूरों के परखच्चे उड़ा दिए, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों को मेरठ के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों के नाम हरेक सिंह (52) पुत्र जमादार सिंह, विकास (22) पुत्र हरेक सिंह, गुड्डू (18) पुत्र बूंदा नंदराय, वासुदेव (22) पुत्र जवाहर सिंह, हरीश साहनी (42) पुत्र मती साहनी, वीरेंद्र (28) पुत्र श्यामनाथ निवासीगण गोपालगंज बिहार बताए गए हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर हृदय विदारक था। घटना स्थल पर खून से सनी चप्पलें बिखरी हुईं थीं। श्रमिकों ने रास्ते में खाने के लिए अपने साथ कुछ पूड़ियां रखीं थी वे भी उन्होंने नहीं खाईं।
हादसे के बाद पूड़ियां और कुछ बिस्किट के पैकेट भी पड़े थे जो उनकी दर्दनाक मौत की दास्तां को बयान करने की लिए काफी थे। मौके पर एक मजदूर की लोई भी खून से सनी पड़ी थी जो इस भीषण हादसे की बर्बरता की गवाही दे रही थी।