यूपी के बुलंदशहर बवाल का मास्टरमाइंड कौन है। इसका खुलासा लगभग हो चुका है। एसआईटी और एसटीएफ की जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। बवाल में शहीद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को जम्मू में तैनात जीतू उर्फ फौजी ने गोली मारी थी। क्या है पूरा मामला, ये आगे की स्लाइडों में जानिए:-
बताया गया कि फौजी गांव में छुट्टी पर आया हुआ था। घटना के बाद फौजी जम्मू भाग गया। वहीं अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में आरोपी जीतू फौजी की मां रतन कौर ने बताया कि घटना वाले दिन उसका बेटा घर पर नहीं था। उन्होंने ये भी बताया कि जब पुलिस जीतू की तलाश करते हुए उनके घर पहुंची तो पुलिस ने काफी तोड़फोड़ की।
पुलिस को एक अहम वीडियो मिला है, जिसमें फौजी गोली चलाता दिख रहा है। पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने जम्मू में फौजी की यूनिट के अफसरों से बात की है, उन्होंने फौजी को सौंपने का आश्वासन दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बुलंदशहर से पुलिस टीम जम्मू रवाना हो गई।
वहीं एफआईआर के अनुसार एक आरोपी बुलंदशहर का जीतू उर्फ फौजी है, जो फरार है। पुलिस ने इस मामले में 27 लोगों को नामजद करते हुए 250-300 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। जांच अधिकारियों को एक वीडियो मिला है, जिसमें एक व्यक्ति भीड़ में गोली चलाता दिख रहा है। जांच में यह व्यक्ति फौजी बताया गया, जो जम्मू में तैनात है।
पुलिस दावा कर रही है कि इसी फौजी की गोली ही इंस्पेक्टर सुबोध को लगी है। वीडियो में फौजी की पहचान के बाद पुलिस ने बुलंदशहर में उसके घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। जानकारी मिली कि फौजी छुट्टी पर आया था। बवाल के बाद वह वापस चला गया।