मेरठ में अनुसूचित जाति की बीए छात्रा के अपहरण के बाद हत्या के मामले में बुधवार को कलक्ट्रेट के बाहर पीड़ित परिजन और समर्थक सड़क पर धरना देकर जाम लगाकर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद भी जब लोग नहीं हटे तो एसएसपी अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे कुछ लोगों को थप्पड़ जड़ दिए जिसके बाद हंगामा हो गया।
कलेक्ट्रेट पर हंगामा: वकील के बोलते ही भड़के SSP, बंदी वाहन में वकील पर बरसाए थप्पड़, पांच हिरासत में लिए
मेरठ में छात्रा की हत्या के मामले में कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस ने कार्रवाई की। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। बंदी वाहन में एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का आरोप भी सामने आया है।
पुलिस ने लाठी फटकार सड़क खाली कराई और पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद एसएसपी ने बंदी वाहन में पहुंचकर हिरासत में लिए गए सूरजपुर, गाैतमबुद्धनगर निवासी रवि गौतम को कई थप्पड़ जड़ दिए। रवि गौतम ने अपने गमछे से फंदा लगाने की कोशिश की। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र की बीए की छात्रा 15 मई की सुबह स्नातक की परीक्षा देने घर से निकली थी लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंची। पुलिस के अनुसार रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश उसे अगवा कर उकसिया गांव ले गया था। वहां ईख के खेत में उसने छात्रा पर शादी का दबाव बनाया।
छात्रा के इनकार करने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अपहरण और हत्या के आरोप में अंकुश तथा साक्ष्य छिपाने के आरोप में खेत मालिक आदेश व एक अन्य को गिरफ्तार कर कार्रवाई की थी। वहीं परिजन छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए अंकुश के भाई, पीएसी के सिपाही अंकित, और उसकी मां की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे परिजन बड़ी संख्या में लोगों के साथ चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना देने पहुंचे। करीब डेढ़ बजे सभी लोग एकत्र होकर जिलाधिकारी से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने कलक्ट्रेट के गेट बंद कर दिए।
इससे नाराज प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए और जाम लगा दिया। सूचना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव और सीओ विश्व ज्योति राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्वक अपनी बात रखने और जाम समाप्त करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
लाठी चलाओ... सड़क से नहीं उठेंगे
धरने का नेतृत्व कर रहे युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गाजियाबाद से एआईएमआईएम के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके रवि गौतम से पुलिस अधिकारियों ने जाम खोलने की अपील की। उन्हें चेतावनी दी गई कि जाम नहीं हटाया गया तो पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ेगा।
इस पर रवि गौतम ने कहा, लाठी चलाओ या जेल भेजो, हम धरने से नहीं उठेंगे। इस दौरान एसपी देहात और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जाम के कारण पुलिस को रूट डायवर्जन करना पड़ा। धरने पर बैठे लोग लगातार नारेबाजी करते हुए डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे।