दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। जिस शीबा ने मौत से कुछ घंटे पहले अपने भाई को फोन कर कहा था- ‘ये मुझे मार डालेंगे…’, उसका फोन कुछ देर बाद स्विच ऑफ हो गया। परिवार उसे तलाशता रहा, लेकिन दो दिन बाद उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर एक अज्ञात शव के रूप में सामने आई। पुलिस ने पहचान करानी चाही लेकिन सफलता नहीं मिली।
हत्या: ये मुझे मार डालेंगे....! शीबा ने भाई को की थी आखिरी कॉल, फिर स्विच ऑफ हुआ फोन, इस हाल में मिली लाश
मेरठ के सरधना में गन्ने के खेत से मिले शीबा के शव मामले में भाई ने आरोप लगाया कि आखिरी कॉल पर उसने कहा था- ‘ये मुझे मार डालेंगे।’ इसके बाद फोन बंद हो गया। प्रेमी समेत पांच पर हत्या का मुकदमा दर्ज है।
2019 में हुई थी शीबा की शादी, दो बच्चे हैं
भावनपुर क्षेत्र के सियाल गांव निवासी जुनैद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बड़ी बहन शीबा की शादी वर्ष 2019 में कंकरखेड़ा क्षेत्र के मोहम्मदपुर लाला गांव निवासी शाहरुख के साथ हुई थी। शादी से शीबा के दो बच्चे हैं।
जुनैद के अनुसार, शादी के करीब तीन साल बाद उसी गांव का सादिक पुत्र बाबर शीबा को अपने साथ रखने लगा। परिवार का आरोप है कि सादिक शीबा के दोनों बच्चों को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं था।
परिवार का आरोप है कि सादिक पहले से शादीशुदा था और अपनी पहली पत्नी आसिया व बच्चों के साथ रहता था। शीबा और सादिक के बीच बच्चों और उसके साथ रहने को लेकर विवाद होता था। जुनैद ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर सादिक, उसकी मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाई आबिद शीबा के साथ मारपीट और विवाद करते थे। परिवार के मुताबिक, सादिक शीबा से शादी करना चाहता था, लेकिन बच्चों को अपनाने को लेकर विवाद था।
जुनैद के अनुसार, 19 अगस्त की शाम शीबा ने उसे फोन किया था। उसने बताया कि सादिक, उसकी मां वसीला, पत्नी आसिया और भाई आबिद उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे हैं। शीबा ने भाई से अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा था कि ‘ये मुझे मार डालेंगे।’ इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
21 अगस्त को परिवार के लोगों ने सामाजिक माध्यम पर एक अज्ञात युवती के शव की तस्वीर देखी। तस्वीर देखकर उन्हें शीबा का शक हुआ। इसके बाद परिजन सरधना थाने पहुंचे और मोर्चरी में शव की पहचान शीबा के रूप में की। शीबा की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद उसके भाई जुनैद ने पुलिस को तहरीर देकर सादिक और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया।