वर्दी का फर्ज भूली मेरठ पुलिस : दो महीने के बच्चे के साथ की ऐसी हरकत, हुई किरकिरी, पढ़ें-सफाई में क्या बोले अधिकारी
बताया गया है कि यह बच्चा 10 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा। वहीं चर्चा तो यह भी है कि मासूम के हाथ में चोट लगी है। उधर, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मेरठ में बेगम पुल पर शराब के नशे में कुछ लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मियों को चोट लगी। वहीं आरोपियों ने पुलिस पर पथराव किया तो पुलिस कर्मियों ने भी हद पार कर दी। पुलिस कर्मियों ने दो महीने के मासूम को खींच लिया और उसे जमीन पर घसीट दिया।
बताया गया है कि यह बच्चा 10 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा। वहीं चर्चा तो यह भी है कि मासूम के हाथ में चोट लगी है। उधर, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बेगम पुल स्थित पुलिस चौकी के सामने डिवाइडर पर गरीब लोगों के परिवार रहते हैं। बताया गया है कि मंगलवार को इन लोगों के बीच आपस में पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट हो गई। बेगम पुल चौराहे पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
आरोप है कि सभी लोग शराब के नशे में थे और उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा।
वहीं मामला बढ़ता देख रैपिड रेल निर्माण प्रोजेक्ट में लगे गार्ड भी दौड़कर वहां पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बताया गया कि समझाने पर नशे में धुत लोग ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
इसमें ट्रैफिक पुलिस का एक होमगार्ड और एक सिपाही घायल हो गए। इस घटना की जानकारी लगते ही सदर बाजार और लालकुर्ती थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने हमला करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी विनीत भटनागर ने ट्विटर पर वीडियो बयान जारी करते हुए बताया कि दो गुटों में कुछ नशेड़ियों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसमें उन्होंने एक बच्चे को बीच सड़क पर छोड़ रखा था। पुलिस के द्वारा बच्चे को उठाया गया है। पुलिसकर्मियों का कहना है बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए उसे उठाया गया था।
उन्होंने कहा कि मारपीट करने वाले व्यक्तियों को विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वहीं इस तस्वीर को आपत्तिजनक रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में इस मामले पर जांच कराई जा रही है कि आखिर बच्चे को किन परिस्थितियों में वहां से उठाया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो पुलिस कर्मियों को मामूली चोट आई। लालकुर्ती थाने में ट्रैफिक पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है।