मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के लखीपुरा स्थित न्यू इस्लाम नगर गली नंबर 28 में युवती का सिर कटा शव मिलने के बाद से पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने सौ ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और पांच हजार नंबरों की सीडीआर निकलवाई है। सूचना देने वाले इमरान की ओर से तहरीर लेकर हत्या का केस भी दर्ज कर लिया है। वारदात के तीसरे दिन भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि पुलिस की 10 टीमें जांच-पड़ताल में लगी हैं। जल्द ही खुलासा करने के प्रयास जारी हैं। शुक्रवार तड़के युवती का सिर कटा शव मिला था। शव के पास ही फल रखने वाली प्लास्टिक की खाली कैरेट भी मिली थी। मौके से मिले सामान और कुछ अन्य तथ्यों के साथ विवेचना की जा रही है। वहीं पांच लापता युवतियों के परिजन भी थाने पहुंचे लेकिन उनमें से भी किसी ने युवती की पहचान नहीं की है। युवती के शव की पहचान कराना इस समय पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है।
2 of 6
जांच करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
कब्रिस्तान के पास मिली थी सिर कटी लाश
लिसाड़ी गेट के लखीपुरा में शुक्रवार को कब्रिस्तान के पास एक युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव के पास ही फल रखने वाली प्लास्टिक की खाली कैरेट पड़ी थी। शव चादर में लिपटा था और हाथ बंधे हुए थे।
3 of 6
मौके पर जमा हुई भीड़।
- फोटो : amar ujala
पुलिस जांच में ये बात आई सामने
पुलिस का अनुमान है कि वारदात के बाद हत्यारोपी शव को चादर में लपेट कैरेट में रखकर कब्रिस्तान में दबाने ले जा रहे थे। संभवत: किसी के आ जाने के बाद पास में ही छोड़कर भाग गए। हालांकि अभी तक भी शव की पहचान नहीं हो पाई है।
4 of 6
मौके पर जमा हुई भीड़।
- फोटो : amar ujala
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया व इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट ने बताया कि युवती काले रंग का छींटदार सूट पहने हुए थी। धड़ से बहते खून को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कुछ ही समय पहले हुई है। पुलिस ने आसपास के इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
5 of 6
सिर कटी लाश मिली।
- फोटो : amar ujala
युवती की आयु तकरीबन 22 वर्ष के आसपास है। पहचान के लिए पुलिस ने सभी थानों में वायरलेस सेट से सूचना फ्लैश कर हाल के दिनों में लापता युवतियों की सूचना मांगी है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस जल्द कातिलों तक पहुंचेगी।