मेरठ के टीपीनगर में शादी वाले घर में पिता-पुत्री की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सागर को ढूंढने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। वारदात करने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया और अपने मौसेरे भाइयों के साथ दूर निकल गया है।
पिता-पुत्री की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को ढूंढने में पुलिस के छूटे पसीने
टीपी नगर के शिव पुरम कॉलोनी में शनिवार रात आंचल व उसके पिता राजकुमार की गोली मारकर सिरफिरे आशिक सागर ने हत्या कर दी थी। हत्या में सागर के दो मौसेरे भाई अंकित और रोहित भी थे। हत्या की साजिश में शामिल सागर की मां-मौसी और दो दोस्तों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी सागर और उसके मौसेरे भाइयों की तलाश में एसओजी की टीम भी लगाई है।
दिनभर पुलिस ने कई जगह पर दबिश दी, लेकिन कोई भी सुराग नहीं
मुख्य आरोपी ने वारदात के बाद एक दोस्त के मोबाइल से कॉल की थी। दोस्त को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। लेकिन वह कुछ भी नहीं बता रहा। पुलिस दावा कर रही कि आरोपी ने घटना के बाद से अपना मोबाइल स्विच ऑफ किया हुआ है और वह अपने मौसेरे भाइयों के साथ दूर निकल गया है।
सर्विलांस और एसओजी टीम को लगाया गया
मुख्य आरोपी सागर ने मां बेटी की हत्या की, जोकि बड़ी घटना है। इसको देखते हुए आरोपी सागर की तलाश में पुलिस की सर्विलांस टीम और एसओजी को भी लगा दिया गया। पुलिस की चार टीम सागर की तलाश में लगी हुई है। इसके बावजूद भी सागर का कोई अता पता अभी तक पुलिस को नहीं लगा है। पुलिस ने सागर के परिवार व मौसी का परिवार उठा हुआ है, ताकि कोई उसके बारे में जानकारी दे सके।
आज आनी थी आंचल की बारात
सिरफिरा आशिक सागर आंचल से एकतरफा प्यार करता था। आंचल की आज सोमवार को बिजनौर से बारात आनी थी। घर में खुशी की जगह मातम छाया रहा। आंचल की मां सरस्वती बार-बार यही कहकर रोती बिलखती रही कि आज घर में खुशी की जगह मातम है।