अपराधियों व अवैध कारोबारियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश लगातार सुर्खियों में है। वहीं पश्चिमी यूपी में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी किसी न किसी जिले में हर रोज अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलवा कर कब्जा मुक्त करा रहे हैं। मेरठ में भी बुधवार को पुलिस द्वारा दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जहां ड्रग्स माफिया तस्लीम का डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का घर कुर्क कर लिया गया तो वहीं बसपा सरकार में मंत्री रहे याकूब कुरैशी के मकान का कुर्की वारंट पुलिस को मिल गया है। किठौर थाना पुलिस फोर्स के साथ याकूब कुरैशी के घर पहुंची और कुर्की वारंट चस्पा कर दिया।
बड़ी खबरें: ड्रग्स माफिया का आलीशान बंगला कुर्क, बसपा पूर्व मंत्री याकूब के घर चस्पा नोटिस, पढ़िए पूरा अपडेट
इंस्पेक्टर लाल कुर्ती अतर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर के तहत ही पुलिस फोर्स ने लिसाड़ी गेट में जाकर ड्रग्स माफिया तस्लीम का घर कुर्क किया है। आलीशान मकान को कुर्क करने के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ लग गई, जिन्हें पुलिस ने वहां से खदेड़ दिया। जानकारी के अनुसार स्मैक कारोबारी हाजी तस्लीम का आलीशान बंगला पुलिस ने कुर्क कर लिया है। मेरठ के मोहल्ला मछेरान महताब में रहने वाला हाजी तसलीम स्मैक कारोबारी है। इस पर 50 से अधिक मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
बुधवार सुबह तीन थानों की पुलिस, एएसपी चंद्रकांत मीणा, एएसपी ब्रहमपुरी विवेक, इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह, इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट और भारी संख्या में आरएएफ हाजी तस्लीम के बंद पड़े बंगले पर पहुंची और उसका ताला तोड़कर मकान को कुर्क कर लिया। हाजी तस्लीम ने मेरठ के लिसाड़ी गेट के शानदार गार्डन में लगभग एक करोड़ का अवैध मकान बनाया हुआ है। बताया गया कि यह मकान पूरी तरह अवैध है। पिछले कई दिनों से पुलिस तसलीन की संपत्ति की जांच कर रही थी, उस पर नजर रखे थे। बुधवार की सुबह पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया।
हाजी तस्लीम पर लालकुर्ती थाने में गैंगस्टर लगी है, रेलवे रोड का हिस्ट्रीशीटर है। यह मकान पिछले डेढ़ साल से बंद पड़ा था। बताया जा रहा है कि तस्लीम स्मैक का कारोबार इसी मकान से चोरी छिपे चलाता था। इसी अपराध के तहत अवैध तरीके से यह संपत्ति बनाई है।
कार्रवाई - 2
बसपा सरकार में मंत्री रहे याकूब कुरैशी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब याकूब के मकान का कुर्की वारंट पुलिस को मिल गया है। किठौर थाना पुलिस फोर्स के साथ याकूब कुरैशी के घर शोहराब गेट स्थित सराय बहलीम पहुंच गए और उनके घर पर कुर्की वारंट चस्पा कर दिया।
हापुड़ रोड स्थित याकूब कुरैशी की फैक्टरी में अवैध तरीके से मीट पैकिंग हो रही थी। इस मामले में याकूब कुरैशी उनकी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान और फिरोज भी नामजद हुए थे। जिनकी तलाश में पुलिस की लगातार दबिश जारी है।