लाॅकडाउन के दौरान मंगलवार को रात भर पुलिस प्रशासन तबलीगी जमात में शामिल हुए लोगों की तलाश करता रहा। वहीं आठवें दिन बुधवार सुबह बाजारों में फिर से काफी भीड़ दिखाई दी।
Lockdown update: निशुल्क राशन लेने को दुकानों पर लगीं लंबी कतारें, लाॅकडाउन के आठवें दिन बाजारों में फिर से उमड़ी भीड़
मेरठ में प्रशासन द्वारा आज जरूरतमंदों को निशुल्क राशन वितरित करने की घोषणा की गई थी। सुबह से ही राशन की दुकानों पर लंबी कतारें लग गई हैं। सुबह सात बजे से नौ बजे तक बाजारों में बहुत कम लोग दिखाई दिए, जबकि शहर के कई क्षेत्रों में नौ बजे के बाद दुकानों पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची।
आटे को लेकर मेरठ में अभी किल्लत बरकरार है। प्रशासन ने आटा मिल चलवाई हैं लेकिन सभी इलाकों में आटा पर्याप्त नहीं पहुंच रहा। उधर, कोरोना वायरस को लेकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती लोगों की आज रिपोर्ट आएगी। स्वास्थ्य विभाग कोरोना वायरस की चेन तोड़ने की हरसंभव कोशिश कर रहा है।
लाॅकडाउन के आठवें दिन मुजफ्फरनगर में राशन की दुकानों पर भीड़ लगी रही। हालांकि पुलिस का सर्किल फार्मूला यहां काफी कारगर साबित हो रहा है। लोग घेरे में खड़े होकर सामान लेते हैं और चले जाते हैं।
उधर, पुलिस ने तबलीगी जमात से आए लोगों की तलाश में रात भर अभियान चलाया। यहां जिले की विभिन्न मस्जिद और अन्य स्थानों पर रुके करीब डेढ़ सौ लोगों को क्वारंटीन किया गया।