रिश्तेदारों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सहारनपुर में मौलाना साद की ससुराल वाला क्षेत्र मोहल्ला मुफ्ती तो सील हो चुका है। वहीं, इस क्षेत्र की ओर जाने वाले चार मुख्य मार्ग भी इस समय हॉटस्पॉट एरिया में आ चुके हैं। रसोई गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने वाले वेंडर, दूध वाले और सब्जी वाले सहित अन्य सहयोगी जरूरी सामान घरों तक पहुंचा रहे हैं। वहीं, पुलिस टीमों के साथ ही नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य भी सुरक्षा के लिए तैनात हैं। पेश है इन इलाकों के हालात पर चंद्रशेखर शर्मा की रिपोर्ट...।
अमर उजाला लाइव: जज्बे को सलाम... हॉटस्पॉट इलाकों में जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे ये लोग, देखें तस्वीरें
भले ही लोग घरों में रहें, चूल्हा तो जलवाना है
हॉटस्पॉट एरिया लुहानी सराय की एक गली में रसोई गैस सिलिंडर की सप्लाई करने वाला एक वेंडर मिला। पूछने पर बताया कि बैरियर क्रॉस नहीं कर सकता। इसलिए यहीं पर्चियां गिन रहा हूं। फोन करके बता दूंगा। ग्राहक बैरियर पर आकर सिलिंडर ले लेंगे। वह बोला- भले ही लोग घरों में बंद रहें, मगर चूल्हा तो जलवाना ही है।
सूनी सड़कों पर बाइकों से भी दौड़ लगा रही पुलिस
सील किए गए क्षेत्रों में बैरियरों पर चेकिंग के अलावा सूनी सड़कों पर बाइकों से भी पुलिस की टीमें राउंड लगा रही हैं। वे देख रही हैं कि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन तो नहीं कर रहा है। घरों से बाहर मिलने वाले लोग इन बाइकों को देखते ही अंदर दुबक जाते हैं।
अनुरोध है आपसे, दूर ही रहिएगा... यहां मत आइएगा
ढोली खाल के एक बैरियर पर पहुंचे तो यहां एक महिला सिपाही ने आगे आते हुए कहा कि अनुरोध है आपसे, दूर ही रहिएगा... यहां मत आइएगा। कोरोना से बचाव के लिए आम जनता के साथ सभी का सहयोग जरूरी है।
हे प्रभु... सबको मिले खाना, सबको कोरोना से बचाना
हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भोजन सप्लाई करा रहे ब्लड डोनर्स ग्रुप के सदस्य रोजाना खाने के पैकेट तैयार करने से पहले अरदास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी टीम इनके कैंप में पहुंची तो ये सदस्य अरदास करते मिले। वे कामना कर रहे थे- हे प्रभु सबको मिले खाना, सबको कोरोना से बचाना।