कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने का बहुत पुण्य है। इस अवसर पर डुबकी लगाने से दुखों से छुटकारा मिलता है। यह धारणा सदियों से चली आ रही है। इसलिए मखदूमपुर स्थित गंगा घाट पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, शनिवार को मेले में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
गंगा घाट पर बसने लगी तंबुओं की नगरी, कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू, देखें शानदार तस्वीरें
मेले का बजट 40 लाख
जिला पंचायत द्वारा मखदूमपुर मेले का बजट 40 लाख रुपये तय किया गया है। हालांकि इस बार मेला चार दिन लगेगा। इसके बावजूद श्रद्धालु उत्साह के साथ मेले की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने परिवार समेत अपने निजी साधनों से मेले की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। जिसके चलते उनमें जल्दी पहुंचने की होड़ लगी है।
सड़क व प्रकाश व्यवस्था
मेले का शनिवार से शुभारंभ हो जाएगा। इसके चलते सड़क निर्माण, प्रकाश और सफाई की व्यवस्था तेजी से की जा रही है। हालांकि मखदूमपुर से लेकर लगभग ढाई किमी. क्षेत्र में लाइट की व्यवस्था जानी है। इससे रात तक मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
गंगा में डुबकी, घाट पर खाना-पकाना
मेले के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर गंगा में डुबकी लगाएंगे। वहीं कुछ श्रद्धालु अपने साथ राशन चूल्हा चौका लेकर पहुंचते हैं और गंगा किनारे ही भोजन पकाया जाता है। जिला पंचायत के ठेकेदार रविंद्र ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 16 गोताखोर एवं आठ नाव की व्यवस्था की गई है। गोताखोर 8-8 करके दिन-रात में ड्यूटी करेंगे।
250 हैंडपंप की व्यवस्था
जिला पंचायत द्वारा श्रद्धालुओं के लिए मेलेे में लगभग 250 हैंडपंप लगाए जाने हैं। इनमें से काफी लगाए जा चुके हैं। इनके अतिरिक्त महिलाओं के लिए स्नान गृह भी बनाए जा रहे हैं। जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पडे़।