कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन जहां कांवड़ियों का आवागमन जारी है। वहीं सोमवार देर रात तक कांवड़ मार्ग शिवभक्तों की मस्ती और रंग बिरंगी लाइटों से गुलजार रहे। मुजफ्फरनगर में रुड़की रोड पर आस्था की बयार बही। जिला अस्पताल के पास कच्ची सड़क से लेकर सुजडू चुंगी तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। एक तरफ कांवड़िए अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे और दूसरी तरह शहर के लोग शिवभक्ति में डूबकर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए रुड़की रोड पर एकत्र हो गए थे। बच्चे, बूढ़े और जवान शिव की भक्ति में गोते लगाते नजर आए। मेरठ की विशाल डीजे वाली कांवड़ रात करीब 11 बजे शिव चौक पर पहुंची तो हजारों लोग एक साथ झूमते हुए नजर आए। देर रात करीब डेढ़ बजे शहर के बोनी डीजे की कांवड़ पर शहर झूम उठा। हिंदू संगठनों ने जगह-जगह कांवड़ को प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया। डीजे की रंगीन रोशनी में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
kanwad Yatra Photo: हर-हर शंभू, शंभू..शिव महादेवा, रात भर रोशन रहे रास्ते, आस्था में डूबे-खूब झूमे शिवभक्त
रुड़की रोड पर लगा जाम
रविवार रात डाक कांवड़ पहुंचनी शुरू हुई तो जाम की स्थिति बन गई। सरवट चौराहे के पास मेरठ के मोनू डीजे की कांवड़ फंस गई, जिस कारण जाम लग गया। इसके बाद बिजली सप्लाई काटकर कांवड़ को रॉन्ग साइड में उतारा गया। जिसके बाद अन्य कांवड़ अपने गंतव्य की ओर पहुंचीं। मुजफ्फरनगर के बोनी डीजे की कांवड़ को देखने के लिए शिव चौक पर हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
शिव चौक के चक्कर लगाकर कांवड़िए अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों की ओर से आगे बढ़ गए। डाक कांवड़ बागपत के पुरा महादेव मंदिर के लिए बुढ़ाना मोड़ से होते हुए शाहपुर-बड़ौत मार्ग से होकर गुजरी। पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील नजर आई। देर रात तक शिव चौक पर उत्सव जैसा माहौल रहा।
चार करोड़ के डीजे सेटअप को देखने उमड़ी भीड़
मेरठ के मोनू डीजे की कांवड़ मुजफ्फरनगर में शिव चौक से गुजरी तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगी लाइटों से सजी इस विशाल कांवड़ को शिवभक्तों ने शिव चौक पर रोकर खूब नृत्य किया। डीजे पर एक तरफ भोले के भजन बज रहे थे तो वहीं कंधों पर भारी कांवड़ उठाए शिवभक्त भोले की मस्ती में झूम रहे थे। मनमोहक झांकियों और दृश्यों को अपने मोबाइल में कैद करने के लिए लोगों की भीड़ घंटों तक सड़क के दोनों तरफ जमा रही।
छपार में पुलिस को छूट गए पसीने
हाईवे पर डाक कांवड़ की भीड़ के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाने में पसीने छूट गए। डीजे कांवड़ निकलने के कारण काफी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना का खतरा देखते हुए पुलिस ने छपार में पेट्रोल पंप के सामने बैरिकेडिंग कर दी, जिससे जाम की स्थिति बन गई। शिव भक्तों ने सर्विस रोड से बाइक निकालकर फिर दूसरी सड़क से चलना शुरू कर दिया।