सहारनपुर में किसानों को संबोधित करने पहुंचे जयंत चौधरी, अडानी और अंबानी को लेकर कही ये बड़ी बात
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में भी पूंजीपतियों की दलाली के लिए कानून लाए गए थे, जिन्हें आंदोलन और कुर्बानी ने बदलवा दिया, लेकिन अब दिल्ली में ऐसी सरकार है जो तीन महीने से भी ज्यादा समय से चल रहे आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है।
इसके अलावा उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर बाबाजी कहकर रामदेव पर भी कटाक्ष किया और यहां तक कहा कि 35 रुपये लीटर पेट्रोल दिलाने और विदेशों से काला धन मंगवाने की बात कहने वाले आज मौज काट रहे हैं और वह तो अपने पेट में ही हेलीकॉप्टर चला लेते हैं, जबकि महंगे डीजल की वजह से किसान को ट्रैक्टर चलाना भारी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि कृषि कानूनों में कुछ गलत नहीं है तो सरकार डेढ़ साल तक टालने और संशोधन करने की बात क्यों कहती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर अलग योजना लागू नहीं किए जाने पर भी भाजपा पर प्रहार किया। जयंत चौधरी ने कहा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, पराली जलाने पर जुर्माना लगाने, बिजली बिल बकाये पर किसानों के उत्पीड़न, 10 साल पुराने ट्रैक्टरों के संचालन पर रोक लगाने की बात कहकर किसानों की पीड़ा भी बयां की। हरियाणा में खट्टर नहीं खटारा सरकार कहा और योगी को ढोंगी कहकर तंज भी कसा। पंचायत की अध्यक्षता राव रिफाकत और संचालन जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम ने किया।
सुनाई कवि रघुवीर सहाय की रचना
निर्धन जनता का शोषण है कहकर आप हंसे, लोकतंत्र का अंतिम क्षण है कहकर आप हंसे, सबके सब हैं भ्रष्टाचारी कहकर आप हंसे, चारों ओर है बड़ी लाचारी कहकर आप हंसे, कितने आप सुरक्षित होंगे मैं सोचने लगा, सहसा मुझे अकेले पाकर फिर से आप हंसे।