मेरठ में महिला थाना पुलिस ने शुक्रवार को तीन घरों की खुशियां बचा लीं। एक युवक दो साल से एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता आ रहा था। अप्रैल में शादी करने का वादा किया। लेकिन शुक्रवार को दूसरी युवती से शादी करने के लिए बारात हाथरस ले जाने की तैयारी थी।
पुलिस ने शादी रोकी, दूल्हा उठाया, थाने में प्रेमिका को डलवाई वरमाला, देखें तस्वीरें
ऐन वक्त पर पीड़िता को पता चला तो वह एसएसपी के पास पहुंच गई। एसएसपी के निर्देश पर हरकत में आईं महिला थाना इंस्पेक्टर बारात रुकवाकर युवक को थाने उठा लाईं। जहां प्रेमी युगल की शादी कराते हुए मिठाई बांट दी गई। हाथरस से भी दुल्हन पक्ष पहुंच गया। तय हुआ कि युवक का छोटा भाई हाथरस बारात लेकर जाएगा। जहां बड़े भाई की शादी का भी साथ ही बैंड बजेगा।
शताब्दी नगर परतापुर निवासी एक युवती ने बृहस्पतिवार को एसएसपी जे. रविंदर गौड़ से शिकायत की थी कि खरखौदा निवासी एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दो साल तक दुष्कर्म किया। आरोपी 24 मार्च को भी उसके घर आया था और अप्रैल में शादी करने की बात कहकर फिर दुष्कर्म किया। अब पता चला कि आरोपी युवक शुक्रवार (28 अप्रैल) को हाथरस बारात लेकर जा रहा है। एसएसपी ने इंस्पेक्टर महिला थाना कंचन चौधरी को तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बारात रुकवाने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर शुक्रवार सुबह ही आरोपी युवक को थाने उठाकर ले आईं। आरोपी युवक और उसके परिवार से साफ कहा कि अगर इस लड़की से शादी नहीं की तो दुष्कर्म के मामले में पीड़िता जिसका नाम लिखवाएगी, उसे जेल भेजा जाएगा। जिस पर आरोपी युवक को उसके परिजन समझाने लगे कि बेटा शादी कर ले, नहीं तो पूरा परिवार बर्बाद होगा। आरोपी शादी करने पर सहमत हुआ, तब जाकर उनका मुकदमा टला।